हरियाणा के नारायणगढ़ में मकान सूचीकरण और जनगणना कार्य की समीक्षा करते हुए नायब तहसीलदार सुनील कुमार ने प्रगणकों को 30 मई तक कार्य पूरा करने के कड़े निर्देश दिए हैं।
राजेश वर्मा, नारायणगढ़। हरियाणा के नारायणगढ़ में मकान सूचीकरण एवं जनगणना कार्य को लेकर प्रशासनिक स्तर पर गतिविधियां तेज हो गई हैं। चार्ज ऑफिसर कम नायब तहसीलदार सुनील कुमार ने जनगणना सुपरवाइजरों और प्रगणकों को कड़े दिशा-निर्देश जारी करते हुए कहा है कि क्षेत्र में मकान सूचीकरण और जनगणना का कार्य 30 मई 2026 तक हर हाल में पूर्ण किया जाए। उन्होंने दोकबाक स्पष्ट किया कि जनगणना का यह कार्य राष्ट्रीय महत्व का एक बेहद महत्वपूर्ण दायित्व है, इसलिए इस अभियान से जुड़े सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी, निष्पक्षता और गंभीरता के साथ अपने निर्धारित कर्तव्यों का निर्वहन करें ताकि समय रहते सटीक आंकड़े जुटाए जा सकें।
कंट्रोल रूम स्थापित और दस्तावेजों की अनिवार्यता पर स्पष्टीकरण
नायब तहसीलदार सुनील कुमार ने तकनीकी दिक्कतों के समाधान के लिए बताया कि जनगणना के दौरान यदि कर्मचारियों को किसी भी प्रकार की तकनीकी या व्यावहारिक समस्या आती है, तो वे तुरंत तहसील कार्यालय के कमरा नंबर-10 में स्थापित किए गए कंट्रोल रूम में संपर्क स्थापित कर सकते हैं। पोर्टल पर आने वाली विभिन्न प्रकार की तकनीकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए वहां विशेष रूप से तकनीकी सहायक सोनम को तैनात किया गया है। इसके साथ ही उन्होंने आमजन से अपील की कि वे बिना किसी संकोच के सही जानकारी दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना कर्मी किसी भी नागरिक से पहचान पत्र (जैसे वोटर कार्ड, फैमिली आईडी, फोटो या ओटीपी) जैसी निजी जानकारी या कोई भी दस्तावेज नहीं मांगेंगे और नागरिकों द्वारा दी गई जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
लक्ष्य और प्रगति की वर्तमान स्थिति
सुपरवाइजरों को अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों में नियमित रूप से कड़ी निगरानी बनाए रखने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर आंकड़ों का संकलन सुनिश्चित करने के कड़े आदेश दिए गए हैं। चार्ज अधिकारी सुनील कुमार ने आंकड़ों की वर्तमान स्थिति साझा करते हुए बताया कि नारायणगढ़ एवं शहजादपुर क्षेत्र में कुल 394 एचएलबी (HLB) निर्धारित किए गए हैं, जिनमें से अब तक कुल 72 एचएलबी का कार्य पूरी सफलता के साथ संपन्न कराया जा चुका है। शेष बचे हुए कार्य को भी तय समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए सभी कर्मचारी निरंतर फील्ड में मुस्तैदी से कार्य कर रहे हैं। इस समीक्षा बैठक के विशेष अवसर पर जिला कोऑर्डिनेटर विकास बजाज, तकनीकी सहायक सोनम, चुनाव कार्यालय से नीलम तथा दीपक क्लर्क सहित अन्य सभी विभागीय कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

