नारायणपुर। जिले के पुराने बस स्टैंड से सामने आए एक वीडियो को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में बोलेरो वाहन में बैठा एक व्यक्ति नशे की हालत में हिंदू धर्म को लेकर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करता नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने मामले को लेकर नारायणपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। संगठनों ने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

बताया जा रहा है कि यह वीडियो नारायणपुर के पुराने बस स्टैंड का है। वीडियो में लाल रंग के कपड़े और चश्मा पहने एक व्यक्ति 7 सीटर बोलेरो में बैठा नजर आ रहा है। इस दौरान मौके पर मौजूद कुछ युवक उससे हिंदू धर्म के लोगों को गाली देने और आपत्तिजनक टिप्पणी करने को लेकर सवाल करते दिखाई देते हैं। इस पर वह हामी भरता नजर आता है। युवकों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
माइनिंग ऑफिसर डालेश्वर युदु के नाम की चर्चा

वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान को लेकर भी चर्चा हो रही है। स्थानीय लोगों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि वीडियो में नजर आ रहा व्यक्ति माइनिंग ऑफिसर डालेश्वर युदु है। हालांकि, इस पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वायरल वीडियो और उसमें किए जा रहे दावों की स्वतंत्र पुष्टि भी नहीं हो सकी है।
वीडियो में दिख रहे वाहन का नंबर CG 04 QV 1317 बताया जा रहा है। हालांकि, वाहन और उसमें बैठे व्यक्ति के संबंध में भी आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।
देखें VIDEO
VHP और बजरंग दल ने थाने में दी शिकायत
मामले को लेकर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के सदस्यों ने नारायणपुर थाने में लिखित शिकायत दी है। संगठनों का कहना है कि वीडियो में जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया गया है, उससे हिंदू धर्म के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल मामले में पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया और शिकायत पर की गई कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है। वीडियो की सत्यता, उसमें दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान और पूरे घटनाक्रम की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

