दुर्गेश राजपूत, नर्मदापुरम। जिले के माखननगर थाना क्षेत्र की आवास कॉलोनी में 23 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे खूनी संघर्ष का मामला सामने आया था। पुरानी रंजिश या विवाद के चलते छह बदमाशों ने एक युवक पर चाकू, डंडों और लात-घूंघों से जानलेवा हमला कर दिया। इस वारदात में पेट और छाती पर गंभीर चोट आने से पीड़ित अशोक सराठे गंभीर रूप से घायल हो गए।
टीआई कंचन ठाकुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की और फिर अचानक हमला बोल दिया। विवाद बढ़ता देख जब पीड़ित ने बचाव की कोशिश की, तो हमलावरों ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए और जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी साई कृष्णा एस. थोटा के निर्देशन में त्वरित कार्रवाई की गई।
माखननगर पुलिस ने बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विशेष टीम का गठन किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए निहाल खान, सोहेल खान, अनमोल उर्फ अमन प्रजापति और अज्जू खान को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में शामिल फरार आरोपी भैया खान और ताजुल खान की पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

