दुर्गेश राजपूत, नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश सरकार के हरियाली महोत्सव और जल गंगा संवर्धन अभियान जैसे बड़े दावों के बीच उससे जुड़ी एक ऐसी खबर सामने आई है जो अलग ही जमीनी हकीकत बयां कर रही है। यहां जिला पंचायत कार्यालय परिसर में एक तरफ वीआईपी कार्यक्रम चल रहा था। जिसमें जिले के प्रभारी व PWD मंत्री राकेश सिंह बादाम का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रहे थे लेकिन ठीक उसी वक्त कार्यक्रम स्थल से महज 100 मीटर की दूरी पर एक स्वस्थ और हरे-भरे अशोक के पेड़ पर बेरहमी से कुल्हाड़ी चलाई जा रही थी।

ये भी पढ़ें: PCC चीफ के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी: कोर्ट ने पुलिस को फटकारा- ‘नेताजी हर जगह घूम रहे बस आपको नहीं दिखते’

मंत्री जी पर्यावरण पर दे रहे थे भाषण, उधर चल रही थी कुल्हाड़ी

इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बैकग्राउंड में मंत्री राकेश सिंह का पर्यावरण को बचाने और हरियाली बढ़ाने को लेकर दिया जा रहा भाषण गूंज रहा है और दूसरी तरफ नगर पालिका के नियमों को ताक पर रखकर कुल्हाड़ी से पेड़ को काटा जा रहा है।

बिना अनुमति काट दिया पेड़

नगर पालिका के कड़े नियमों के मुताबिक शहर में किसी भी हरे-भरे पेड़ को काटने के लिए उद्यान शाखा से लिखित में पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य है। आरोप है कि इस मामले में ऐसी कोई अनुमति नहीं ली गई थी। जिला पंचायत कार्यालय प्रशासन का कहना है कि पेड़ थोड़ा झुक गया था और रास्ते में बाधा बन रहा था, इसलिए उसे काटा गया।

ये भी पढ़ें: मंत्री प्रतिमा बागरी की कुर्सी पर संकट? जाति प्रमाणपत्र की जांच के लिए गांव में पिटेगी ‘डोंडी’, 6 जुलाई को छानबीन समिति के सामने पेशी

खुद नोडल एजेंसी और उसी के आंगन में ‘गुनाह’, CEO ने किया जवाब तलब

मामले के तूल पकड़ने और वीडियो वायरल होने के बाद जिला पंचायत CEO हिमांशु जैन ने इस पर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने संबंधित लापरवाह कर्मचारियों को जमकर फटकार लगाई है और इस पूरे मामले में लिखित जवाब तलब किया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m