दुर्गेश राजपूत, ​नर्मदापुरम। शहर के मुख्य सराफा बाजार स्थित ‘राज ज्वेलर्स’ में हुई सनसनीखेज चोरी का नर्मदापुरम कोतवाली पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। शातिर महिला चोर ने दुकानदार को बेसमेंट के स्टोर रूम में बंद कर करीब 65 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को इटारसी से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 450 ग्राम वजनी शत-प्रतिशत आभूषण बरामद कर लिए हैं।

ये भी पढ़ें: IPS अफसर का इस्तीफा! सागर में SP पद से हटाने पर अनुराग सुजानिया के नौकरी छोड़ने की चर्चा

​चेहरा ढककर पहुंची और दिया वारदात को अंजाम

​घटना 2 नवंबर को दोपहर करीब साढ़े 12 बजे की है। रघुनाथ गली स्थित राज ज्वेलर्स पर एक महिला ग्राहक बनकर पहुंची। उसने चर्म रोग का बहाना बनाकर अपना चेहरा स्कार्फ से ढंक रखा था। पहले उसने मंगलसूत्र का पेंडल देखने के बाद एटीएम से पैसे लाने का कहकर कुछ देर के लिए दुकान से चली गई। करीब 15 मिनट बाद वह वापस लौटी और कान के टॉप्स दिखाने की जिद की। जैसे ही दुकानदार जेवर लेने बेसमेंट के स्टोर रूम में गए, शातिर महिला ने बाहर से दरवाजा बंद कर दिया और काउंटर की दराज से जेवरों के डिब्बे समेटकर फरार हो गई।

​250 सीसीटीवी कैमरों की मदद से दबोची गई आरोपी

​घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल से लेकर आसपास के मार्गों के करीब 250 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। नर्मदापुरम और इटारसी के फुटेज की तकनीकी जांच के बाद संदिग्ध महिला की पहचान चाहत मंसूरी उर्फ मुस्कान लोट के रूप में हुई। पुलिस ने तुरंत इटारसी में घेराबंदी कर उसे धर दबोचा।

ये भी पढ़ें: MP मंत्रालय के कर्मचारियों को आखिरी चेतावनी! 6 नवंबर तक नहीं कराया फेस रजिस्ट्रेशन तो अटक जाएगा वेतन

​सबूत मिटाने की कोशिश और पुलिस की अपील

​पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस के अनुसार, पहचान छिपाने के लिए उसने वारदात के दौरान पहने गए कपड़े, स्कार्फ, चप्पल और जेवरों के डिब्बे तक जला दिए थे। आरोपी पहले भी इटारसी सराफा बाजार में इसी तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम दे चुकी है। ​इस त्वरित सफलता से गदगद होकर सराफा व्यापारी संघ ने पुलिस अधीक्षक और पूरी टीम का शाल-श्रीफल भेंटकर जोरदार स्वागत किया। पुलिस ने सराफा कारोबारियों से अपील की है कि वे चेहरा ढककर आने वाले संदिग्ध ग्राहकों के प्रति पूरी तरह सतर्क रहें। साथ ही एसपी नर्मदापुरम ओर आईजी भी पूरी पुलिस टीम को पुरस्कृत करेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m