दुर्गेश राजपूत, नर्मदापुरम। रक्षाबंधन के त्योहार को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पुराने बस स्टैंड पर एक यात्री बस से 650 किलो संदिग्ध मावा जब्त किया है। 50-50 किलो के 13 पैकेटों में रखे इस मावे की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई जा रही है। ​यह कार्रवाई अतिरिक्त तहसीलदार डॉ. सुरेखा यादव और खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश दियावर की टीम ने की। 

जानकारी के अनुसार कटियार बस सर्विस की यह बस भोपाल से छिंदवाड़ा जा रही थी। बस चालक निर्धारित मार्ग और बस स्टैंड का उल्लंघन कर मावे की डिलीवरी देने के लिए जबरन पुराने बस स्टैंड पहुंचा था। सटीक सूचना मिलते ही अधिकारियों ने मावा उतरते समय छापा मार दिया।

​बिना बिल-दस्तावेज के लाया जा रहा था मावा

जांच के दौरान बस चालक और कंडक्टर मावे से संबंधित कोई भी बिल, वैध दस्तावेज या व्यापारियों की जानकारी पेश नहीं कर सके। खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश दियावर ने बताया कि “मावे के सैंपल लेकर स्टेट लैब भेज दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि मावा नकली है या मानकों के अनुरूप। वैधानिक दस्तावेज न मिलने पर संबंधितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।”

​आरटीओ को लिखा जाएगा पत्र

अतिरिक्त तहसीलदार सुरेखा यादव के अनुसार बस चालक ने परमिट के निर्धारित रूट का उल्लंघन किया है, जिसके संबंध में RTO को वैधानिक कार्रवाई के लिए पत्र भेजा जा रहा है। कार्रवाई के दौरान बस के करीब डेढ़ घंटे तक खड़े रहने के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। फिलहाल विभाग त्योहारों के मद्देनजर दूध, पनीर और घी जैसे अन्य खाद्य पदार्थों पर भी निगरानी रखे हुए है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m