दुर्गेश राजपूत, नर्मदापुरम। दीपावली का पावन पर्व केवल अपने घरों को दीपों से सजाने का नहीं, बल्कि दूसरों के जीवन में खुशियों का उजाला लाने का भी संदेश देता है। इसी भावना के साथ नर्मदापुरम में प्रतिवर्ष की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस बार भी शहर के बड़ी पहाड़िया के पास जरूरतमंद बच्चों के बीच दीपावली की खुशियां आत्मीयता के साथ साझा की गईं। इस दौरान बच्चों को नए उपहार, पटाखे, फुलझड़ियां, दीपक एवं मिठाइयां वितरित कर उनके चेहरों पर मुस्कान लाने का अनूठा प्रयास किया गया।

ये भी पढ़ें: अयोध्या की सरयू की तर्ज पर नर्मदा किनारे बनेगा ‘नर्मदा पथ’! 51 हजार दीपों से जगमगाया गौरीघाट

बच्चों के चेहरों पर मुस्कान देख खिले आयोजन से जुड़े साथियों के चेहरे

कार्यक्रम के दौरान मासूम बच्चों को दीपावली के तोहफे और मिठाइयां देकर उनके साथ पर्व की खुशियां बांटी गईं। इस पूरी पहल का मुख्य उद्देश्य यही था कि समाज के वे बच्चे जो अभावों में जीते हैं, वे भी दीपावली के इस बड़े पर्व के उल्लास से वंचित न रहें और उनके जीवन में भी उमंग का उजाला भर सके। बच्चों के चेहरों पर उपहार पाकर आई खुशी को देखकर इस सामाजिक आयोजन से जुड़े सभी युवाओं व साथियों ने गहरी संतुष्टि व्यक्त की।

‘असली खुशी जरूरतमंदों के साथ खुशियां बांटने में है’: राजेन्द्र धाकड़

इस अवसर पर आयोजक राजेन्द्र धाकड़ ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि त्योहारों की असली खुशी केवल अपने परिवार के साथ उत्सव मनाने में नहीं है, बल्कि जरूरतमंद लोगों के साथ खुशियां साझा करने में है। समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को अपनी सामर्थ्य के अनुसार जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आना चाहिए, ताकि दीपावली की चमक हर घर और हर आंगन तक पहुंच सके।

ये भी पढ़ें: दिव्यांग बच्चों से हार गए मंत्री कैलाश विजयवर्गीय! अंताक्षरी में सजी महफिल, बोले- इनकी खुशी के आगे सब मंजूर

इस मानवीय और सामाजिक पहल को सफल बनाने में अजय वर्मा, नीरज केथवास, राजेन्द्र धाकड़, अनीस राजपूत, सागर संतोरे, शुभम शर्मा, सौरभ चौधरी, अभिषेक चौहान, वाटसन अग्रवाल, राकेश धाकड़, शिवांशु लोवंशी, रवि केवट, राहुल संतोरे सहित कई अन्य युवा साथी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m