दुर्गेश राजपूत, नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम में पत्थरबाजी की घटना से दहशत फैल गई। शहर के बंगाली कॉलोनी ओवरब्रिज के नीचे स्थित सिकलीगर बस्ती में मंगलवार देर शाम दो पक्षों के बीच फिर हिंसक झड़प हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों की ओर से महिला और पुरुषों ने एक-दूसरे पर जमकर पत्थर बरसाए। पत्थरों की बौछार से गलियों में ईंट और पत्थरों का ढेर लग गया। ओवरब्रिज से गुजरने वाले राहगीरों द्वारा वाहन रोककर वीडियो बनाने से मार्ग पर भारी जाम की स्थिति निर्मित हो गई।
सूचना पर कोतवाली थाने के एसआई अनुज बघेल 15 जवानों के साथ पहुंचे। पुलिस को देखते ही उपद्रवी मौके से भाग निकले। पुलिस ने करीब डेढ़ घंटे तक चलाए सघन तलाशी अभियान में कई घरों से डंडे और लोहे की रॉड जब्त कीं। बाद में दोनों पक्षों से लोग शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचे। एहतियात के तौर पर इलाके में पुलिस तैनात कर दी गई है।
बस्ती में महज तीन दिन पहले भी सोशल मीडिया ग्रुप पर एक कमेंट को लेकर पत्थरबाजी हुई थी। स्थानीय निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में अक्सर पत्थरबाजी और डंडे लहराने की घटनाएं होती हैं। इसके अलावा राहगीरों की सुरक्षा को खतरा बना रहता है। लोगों ने इलाके में अवैध शराब और सट्टे का कारोबार चलने के भी गंभीर आरोप लगाए हैं।
सिटी कोतवाली टीआई गौरव सिंह बुंदेला ने बताया कि विवाद तीन दिन पुराने सोशल मीडिया कमेंट से ही जुड़ा है। पुलिस सर्चिंग के दौरान कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है, जिनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

