नारनौल। हरियाणा के नारनौल में गुरुवार शाम पूर्व मंत्री कैलाशचंद्र शर्मा की चलती स्विफ्ट डिजायर कार में अचानक आग लग गई। उस समय 77 वर्षीय कैलाशचंद्र शर्मा खुद कार चला रहे थे। सेक्टर-1 में पहुंचने पर गाड़ी से धुआं निकलता देख उन्होंने तुरंत कार से बाहर छलांग लगा दी। कुछ ही देर में इंजन से आग की लपटें निकलने लगीं और पूरी कार जलकर खाक हो गई। फायरकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

सेक्टर-1 में अचानक कार से निकला धुआं
बेटे विकास शर्मा के मुताबिक, कैलाश शर्मा शाम करीब 7 बजे शिव विहार स्थित घर से अपनी स्विफ्ट डिजायर कार लेकर निकले थे। वह नारनौल के सेक्टर-1 में किसी से मिलने जा रहे थे। सेक्टर-1 की एक कॉलोनी में पहुंचते ही कार से अचानक धुआं निकलने लगा। इसके कुछ ही देर बाद इंजन से आग की लपटें निकलने लगीं। कैलाश शर्मा ने समय रहते कार से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
आधे घंटे में बुझी आग
आसपास के लोगों ने कार में आग लगने की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी। मौके पर पहुंचे फायरकर्मियों ने काफी मशक्कत की। करीब आधे घंटे बाद आग पर काबू पाया गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कार पूरी तरह जल गई। सामने आए वीडियो में गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त दिखाई दे रही है। कार का डैशबोर्ड, सीट और टायर तक जल गए।
चौटाला सरकार में मंत्री रहे कैलाश शर्मा
कैलाशचंद्र शर्मा वर्ष 1999 में ओमप्रकाश चौटाला के नेतृत्व में बनी सरकार में मंत्री रहे थे। उन्हें राजस्व एवं पुनर्वास विभाग की जिम्मेदारी दी गई थी। वह नारनौल विधानसभा सीट से विधायक चुने गए थे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
