नारनौल: हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में एक पुलिसकर्मी पर नशीला पदार्थ बेचने का आरोप लगने के बाद मंगलवार रात थाने में हड़कंप मच गया। कुछ लोग पुलिसकर्मी के खिलाफ शिकायत लेकर थाना नारनौल पहुंचे और उसके नशे में होने का आरोप लगाते हुए थाने के बाहर हंगामा शुरू कर दिया। करीब 40 मिनट तक लोगों की भीड़ वहां जमा रही। मामला बढ़ता देख पुलिस अधिकारियों ने आरोपी कर्मचारी का मेडिकल कराया और बाद में उसे तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया।
बताया गया कि मंगलवार शाम करीब 8 बजे कुछ लोग थाना नारनौल पहुंचे थे। उनका आरोप था कि ईएचसी संजय शराब के नशे में ड्यूटी कर रहा है और नशीले पदार्थों की बिक्री में भी शामिल है। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने कर्मचारी का मेडिकल करवाने का फैसला लिया। मेडिकल रिपोर्ट में उसके शराब का सेवन करने की पुष्टि हुई है।
हालांकि, चिट्टा या किसी अन्य नशीले पदार्थ की बिक्री करने के आरोप अभी साबित नहीं हुए हैं। पुलिस ने इस संबंध में जांच शुरू कर दी है। इसके अलावा कर्मचारी द्वारा किसी अन्य नशीले पदार्थ के सेवन की जांच के लिए भी सैंपल लिए गए हैं। इनकी रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।
डीएसपी भारत भूषण ने बताया कि नशीले पदार्थों की बिक्री से जुड़े आरोपों को गंभीरता से लिया गया है। फिलहाल जांच में इस संबंध में कोई पुख्ता सबूत सामने नहीं आया है। आरोपों की जांच के लिए कमेटी गठित की गई है और कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड किया गया है।
डीएसपी ने कहा कि जांच में यदि पुलिसकर्मी के खिलाफ आरोप सही पाए जाते हैं तो उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि महेंद्रगढ़ पुलिस नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। पुलिस कर्मचारी हो या आम नागरिक, नशीले पदार्थों की सप्लाई में संलिप्त पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। जिले में नशे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



