नारनौल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बुधवार को नारनौल में विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुईं। उन्होंने मशाल जलाकर ज्योति यात्रा की शुरुआत की और महावीर चौक तक यात्रा में हिस्सा लिया। इसके बाद नारनौल के पीजी कॉलेज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन भी सुना।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने बिना किसी निजी स्वार्थ के देश और समाज की सेवा की है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने पहले गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में और बाद में देश के प्रधानमंत्री के तौर पर अपनी जिम्मेदारी निभाई।
दक्षिणी हरियाणा में विकास का किया जिक्र
आरती सिंह राव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने दक्षिणी हरियाणा और महेंद्रगढ़ जिले का उदाहरण देते हुए कहा कि एक समय इस क्षेत्र में लोगों को पीने के पानी जैसी मूलभूत समस्याओं का सामना करना पड़ता था। सड़कों की स्थिति भी खराब थी और रोजगार के अवसरों की कमी थी।
उन्होंने दावा किया कि बीजेपी सरकार के कार्यकाल में दक्षिणी हरियाणा में पेयजल की समस्या काफी हद तक दूर हुई है। क्षेत्र में सड़क और राष्ट्रीय राजमार्गों का विस्तार हुआ है तथा लोगों को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।
ट्रांसफर पॉलिसी पर स्वास्थ्य मंत्री ने दी सफाई
सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों की ट्रांसफर पॉलिसी को लेकर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हरियाणा में सरकारी भर्ती किसी एक जिले या स्थान के लिए नहीं होती, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए होती है। जहां कर्मचारी, अधिकारी या डॉक्टर की आवश्यकता होती है, वहां जरूरत के अनुसार उनकी नियुक्ति या ट्रांसफर किया जाता है।
बाजरे की खरीद में देरी पर मंडियों का दौरा करेंगी आरती सिंह राव
बाजरे की खरीद में हो रही देरी को लेकर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि वह खुद अनाज मंडियों का दौरा करेंगी और किसानों से बातचीत कर यह जानने का प्रयास करेंगी कि खरीद में देरी आखिर किस वजह से हो रही है।
दक्षिणी हरियाणा में रोजगार के मुद्दे पर बोलीं- सरकार चर्चा करेगी
दक्षिणी हरियाणा में रोजगार के अवसर बढ़ाने के सवाल पर आरती सिंह राव ने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार है और इस विषय पर निश्चित तौर पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जब कोई बड़ा कार्यक्रम आयोजित होगा, तब रोजगार और विकास से जुड़े मुद्दों पर सरकार की ओर से महत्वपूर्ण जानकारी साझा की जाएगी।
- कूनो में चीते की हत्या का मामला: केंद्र सरकार ने भेजी हाई-लेवल सेंट्रल टीम; NTCA और WCCB के अफसर करेंगे मामले की जांच
- ACB ने खोला कच्चा चिट्ठा: राजस्व विभाग सबसे भ्रष्ट, इसके बाद स्कूल शिक्षा विभाग, आदिवासी जिलों में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोग ज्यादा सजग…
- किराए के मकान में चल रहा था मिनी साइबर कॉल सेंटर, गिरोह के 2 आरोपी गिरफ्तार
- अभिजीत दीपके को NDA में शामिल होने का न्योताः केंद्रीय मंत्री ने भेजा खुला ऑफर, बोले- आइए बाबासाहेब का सपना मिलकर पूरा करें
- Gold Silver Price Today: सोने-चांदी के भाव में उतार-चढ़ाव, दिल्ली-मुंबई समेत बड़े शहरों के रेट जानें

