दीपक कौरव, नरसिंहपुर।  मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शहर के व्यस्त खैरीनाका इलाके में एक तेज रफ्तार आल्टो कार (MP 20 CC 2293) के चालक ने जमकर तांडव मचाया। बेकाबू कार चालक ने पहले ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी को टक्कर मारने की कोशिश की और उसके बाद सामने से आ रही एक स्कूटी को जोरदार टक्कर मारकर युवक-युवती को रौंद दिया। इस भीषण हादसे में स्कूटी सवार युवती के दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खैरीनाका के पास भारी वाहनों को रोकने के लिए पुलिसकर्मी ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान तेज रफ्तार आल्टो कार का चालक लापरवाही से गाड़ी चला रहा था। उसने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी को कुचलने की नीयत से टक्कर मारने की कोशिश की। गनीमत रही कि पुलिसकर्मी ने किसी तरह अपनी जान बचाई। पुलिसकर्मी से बच निकलने के बाद कार चालक ने जाते हुए बेहद दुस्साहसिक अंदाज में कहा-‘बच गया साला।’

स्कूटी सवार युवक-युवती को रौंदा

पुलिसकर्मी को टक्कर मारने की कोशिश के बाद चालक ने अपनी रफ्तार और बढ़ा दी और आगे जाकर सामने से आ रही एक स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में स्कूटी पर सवार विक्रम कौरव और युवती मुस्कान गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवती मुस्कान के दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए हैं।

झाड़ियों में घुसी कार 

घटना के बाद अनियंत्रित आल्टो कार करीब 50 मीटर आगे जाकर सड़क किनारे झाड़ियों में जा घुसी। कार के झाड़ियों में घुसते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसका फायदा उठाकर कार चालक मौके से फरार होने में कामयाब हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत ऑटो के जरिए जिला अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ उनका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुँची और कार (MP 20 CC 2293) को जब्त कर लिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m