दीपक कौरव, नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के सालीचौका से हैरान करने वाला और रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां सड़क पर आराम से रेंग रही एक नागिन अचानक से बीच बाजार में खड़ी एक बाइक के अंदर जा घुसी। जैसे ही यह बात लोगों को पता चली, पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते तमाशबीन लोगों का भारी हुजूम इकट्ठा हो गया।
मिस्त्री को खोलनी पड़ी पूरी बाइक
सांप के बाइक के अंदर छुपने की खबर मिलते ही तुरंत स्थानीय सर्पमित्र को मौके पर बुलाया गया। सर्पमित्र ने जब नागिन को निकालने की कोशिश की, तो वह बाइक के ऐसे कोने में जाकर बैठ गई जहां से उसे आसानी से निकालना नामुमकिन था। हालात ऐसे बन गए कि नागिन को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए एक मोटर सायकल मिस्त्री को बुलवाना पड़ा। मिस्त्री ने एक-एक कर बाइक के पार्ट्स और बॉडी को खोलना शुरू किया।
लगभग एक घंटे तक चले इस ‘हाई-वोल्टेज’ और रोमांचक रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद आखिरकार नागिन को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। जैसे ही नागिन बॉक्स से बाहर आई, वहां मौजूद लोगों ने चैन की सांस ली और भगवान का शुक्र अदा किया कि किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

