शिक्षक दिवस पर नई दिल्ली में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बलिया के कला शिक्षक डॉ. इफ्तिखार खान को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 प्रदान किया. इसके साथ ही अमेठी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 45 शिक्षकों को जिला स्तर पर सम्मानित किया गया.
बलिया. शिक्षक दिवस के अवसर पर शुक्रवार को नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से संबंध रखने वाले कला शिक्षक डॉ. इफ्तिखार खान को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया. सिकंदरपुर तहसील क्षेत्र के किकोढ़ा गांव निवासी डॉ. खान को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार मिलने पर पूरे क्षेत्र और जिले में हर्ष का माहौल है.
कला के क्षेत्र में समर्पित जीवन
एक शिक्षक परिवार में जन्मे डॉ. इफ्तिखार खान ने अपनी प्रारंभिक पढ़ाई गांव से पूरी करने के बाद फाइन आर्ट्स में उच्च शिक्षा हासिल की और शोध कार्य किया. इसके बाद वर्ष 1998 में राजकीय इंटर कॉलेज बलिया में कला अध्यापक के रूप में अपनी सेवाएं देनी शुरू कीं. उन्होंने विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखकर उनकी रचनात्मक प्रतिभा को निखारने का काम किया.
निशुल्क प्रशिक्षण और पर्यावरण संरक्षण
डॉ. इफ्तिखार आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को लंबे समय से हर रविवार को अपने स्तर पर निशुल्क कला का प्रशिक्षण दे रहे हैं. इसके अतिरिक्त वे पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विद्यार्थियों और अभिभावकों से गुरु दक्षिणा के रूप में पौधे लगवाते हैं. उनके इन सामाजिक सरोकारों और उत्कृष्ट शिक्षण कार्य के लिए पूर्व में भी कई सम्मान मिल चुके हैं.
अमेठी में 45 शिक्षक सम्मानित
उधर अमेठी के विकास भवन सभागार में बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में शिक्षक दिवस पर सम्मान समारोह आयोजित हुआ. इस दौरान उत्कृष्ट और नवाचारी कार्य करने वाले 45 शिक्षकों को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में जिलाधिकारी संजय चौहान ने कहा कि नई शिक्षा नीति के अनुसार छात्रों में नवाचार, वैज्ञानिक सोच और नैतिक मूल्यों का विकास करने में शिक्षकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है.



