सुकमा. लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती (राष्ट्रीय एकता दिवस) के अवसर पर गुजरात के एकता नगर में प्रधानमंत्री की उपस्थिति में आयोजित भव्य ‘राष्ट्रीय एकता परेड 2026’ का सीधा प्रसारण (Live Telecast) सुकमा पुलिस द्वारा जिले भर में व्यापक स्तर पर दिखाया गया.

पुलिस अधीक्षक सुकमा के निर्देशानुसार जिले के समस्त थानों, सुरक्षा कैंपों और पोटाकेबिन/छात्रावासों में बड़ी स्क्रीन, टीवी और प्रोजेक्टर के माध्यम से शाम 05:30 बजे से लाइव स्क्रीनिंग की विशेष व्यवस्था की गई थी. जिला सुकमा में कुल 102 स्थानों पर लाइव स्क्रीनिंग का सफल आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 18 से 20 हजार सुरक्षा बल के जवानों, स्कूली बच्चों और आम नागरिकों ने एक साथ मिलकर ‘राष्ट्रीय एकता परेड’ का सीधा प्रसारण देखा. इस दौरान सुरक्षा कैंपों और आयोजन स्थलों में “भारत माता की जय” के गगनभेदी नारे गूंजते रहे.

शारदा सिनेमा में वरिष्ठ अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी

जिला मुख्यालय स्थित शारदा सिनेमा में आयोजित विशेष लाइव स्क्रीनिंग कार्यक्रम में सुकमा कलेक्टर अमित कुमार, डीआईजी (CRPF) आनंद राज पुरोहित और पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर सहित अन्य प्रशासनिक, पुलिस और सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे. इस दौरान जनप्रतिनिधि दीपिका शोरी, धनीराम बरसे, अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधिगण, प्रबुद्ध पत्रकारगण और भारी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे.

कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षक 

102 स्थानों पर 18-20 हजार दर्शकों की ऐतिहासिक भागीदारी: जिले भर के कुल 102 केंद्रों पर लाइव स्क्रीनिंग का भव्य आयोजन हुआ, जिसमें लगभग 18 से 20 हजार सुरक्षा बलों के जवानों, स्कूली बच्चों और आम नागरिकों ने एक साथ राष्ट्रीय एकता का पर्व मनाया.

सुरक्षा कैंपों और गांव में गूंजे नारे “भारत माता की जय”: परेड प्रसारण के दौरान अंदरूनी सुरक्षा कैंपों में तैनात जवानों और स्थानीय ग्रामीणों ने पूरे जोश और उमंग के साथ “भारत माता की जय” के जयघोष लगाकर पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया.

पुवर्ती, गोगुंडा, गोलापल्ली और किस्टाराम में दिखा अभूतपूर्व उत्साह: कभी घोर नक्सल प्रभावित रहे अंदरूनी और संवेदनशील अंचलों के सुरक्षा कैंपों में ग्रामीणों ने जवानों के संग बैठकर ‘राष्ट्रीय एकता परेड’ का सीधा प्रसारण देखा.

शारदा सिनेमा में शीर्ष नेतृत्व व जनसहभागिता: जिला मुख्यालय के शारदा सिनेमा में कलेक्टर अमित कुमार, डीआईजी (CRPF) आनंद राज पुरोहित, पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर सहित जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों और सैकड़ों शहरवासियों ने एक साथ बैठकर आयोजन का गौरव साझा किया.

खाकी और अवाम का साझा संगम: सुरक्षा बलों के जवानों, छात्र-छात्राओं और स्थानीय ग्रामीणों के एक मंच पर जुटने से आपसी विश्वास और सौहार्द्र का एक नया वातावरण निर्मित हुआ.

अखंडता और आंतरिक सुरक्षा का साझा संकल्प: एकता नगर (गुजरात) से सीधे प्रसारित कार्यक्रम को देखकर उपस्थित हर नागरिक और जवान ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को अक्षुण्ण रखने का दृढ़ संकल्प लिया.

उत्कृष्ट व्यवस्था और समुचित प्रबंध: सभी 102 आयोजन स्थलों पर नागरिकों और बच्चों के लिए बैठक, छाया और पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी.

कभी संघर्ष का गवाह रहे अंदरूनी अंचलों से लेकर जिला मुख्यालय तक जनता और पुलिस के इस अभूतपूर्व संगम ने जिले में विश्वास की मजबूत नींव को दर्शाया है. सुकमा पुलिस के इस सफल आयोजन की सराहना करते हुए आम नागरिकों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और शांति व्यवस्था को बनाए रखने का संकल्प दोहराया.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H