रायपुर। राजधानी रायपुर के नवा रायपुर-मंदिर हसौद मार्ग पर एक बार फिर बेखौफ बदमाशों का आतंक देखने को मिला। मंत्रालय में पदस्थ एक शासकीय कर्मचारी को तीन अज्ञात बदमाशों ने चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उनका महंगा मोबाइल फोन-नकदी लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर मंदिर हसौद थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 309(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित मिथलेश कुमार (34) वर्तमान में नवा रायपुर के सेक्टर-17 स्थित शासकीय आवास में रहते हैं और मंत्रालय में कार्यरत हैं। बुधवार, 15 जुलाई 2026 को वे अपने निजी कार्य से स्कूटी (CG-24-U-1872) से मंदिर हसौद गए थे।
लघुशंका के लिए रुके, तभी घेर लिया
शाम करीब 6:19 बजे जब मिथलेश कुमार नहर किनारे वाले मार्ग से वापस लौट रहे थे, तब वे लघुशंका के लिए सड़क किनारे रुके। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात युवक वहां पहुंचे। इनमें से दो बदमाशों ने अपने चेहरे स्कार्फ से ढके हुए थे।

आरोपियों ने कर्मचारी को घेर लिया और धारदार चाकू दिखाकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। भयभीत कर्मचारी से बदमाशों ने उनका वीवो (Vivo) मोबाइल फोन, जिसकी कीमत करीब 28,999 रुपये बताई गई है, और जेब में रखे 1,700 रुपये नकद लूट लिए।
30 हजार से अधिक की लूट
वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मोटरसाइकिल से मंदिर हसौद की ओर फरार हो गए। लूटे गए मोबाइल और नकदी की कुल कीमत 30,699 रुपये आंकी गई है।
कर्मचारी संघ की पहल पर दर्ज हुई शिकायत
घटना के बाद पीड़ित काफी डरे हुए थे और तत्काल पुलिस के पास नहीं पहुंच सके। मामले की जानकारी मिलने पर मंत्रालय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष चंद्रकांत पांडे ने हस्तक्षेप किया और पीड़ित को शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया। उनकी पहल के बाद पीड़ित ने 16 जुलाई 2026 को मंदिर हसौद थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
थाना प्रभारी के निर्देश पर मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक विवेक कुमार बंजारे को सौंपी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
लगातार सामने आ रही लूट की घटनाओं ने नवा रायपुर-मंदिर हसौद मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर नियमित पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

