ODISHA DESK, भुवनेश्वर: ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजू जनता दल (BJD) के अध्यक्ष नवीन पटनायक ने सोमवार को राज्य, विशेष रूप से ब्रह्मपुर में बिगड़ती कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त की है।
नवीन पटनायक ने ट्वीट कर ब्रह्मपुर के बड़ाबाजार इलाके के अंबिका नगर में दिनदहाड़े एक युवक पर धारदार हथियार से हुए बेरहम हमले को ‘चौंकाने वाला’ और ‘नरक जैसा’ बताया।
ट्वीट में उन्होंने आगे लिखा “अभी कुछ ही दिन पहले ब्रह्मपुर में एक युवक और युवती पर हुए अमानवीय हमले की यादें दिमाग से मिटी भी नहीं थीं कि इस घटना ने एक बार फिर ओडिशा के लोगों को खौफजदा कर दिया है।”
पटनायक ने आरोप लगाया कि पूरे ओडिशा में ‘गुंडाराज’ फैल गया है, जिससे लोगों के बीच डर का माहौल बन गया है। पुलिस द्वारा एनकाउंटर की धमकियों के बावजूद अपराधी बेखौफ होकर हाईवे पर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, जो शासन व्यवस्था की घोर विफलता को उजागर करता है।
उन्होंने आगे कहा, “अपराधी बिना किसी डर के राजमार्गों पर भी अपराध कर रहे हैं, जो शासन प्रणाली की पूरी तरह से नाकामी को दर्शाता है।”
नवीन पटनायक ने सरकार से आग्रह किया कि वे “बड़ी-बड़ी बातें” करने के बजाय तुरंत सतर्क हों और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा कानून का राज बहाल करने के लिए ठोस कदम उठाएं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

