Sharadiya Navratri 2026: आज रविवार 11 अक्टूबर 2026 को शारदीय नवरात्रि का पहला दिन है। पहले दिन मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा की जाती है। मां शैलपुत्री की पूजा अर्चना के साथ ही नवरात्रि का महा अनुष्ठान शुरू हो गया है। नवरात्रि के पहले दिन सीएम सम्राट चौधरी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहारवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।

सीएम सम्राट ने दी नवरात्रि की शुभकामनाएं

सीएम सम्राट चौधरी ने शारदीय नवरात्रि के अवसर पर प्रदेश एवं देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। सीएम ने अपने संदेश में कहा है कि मां दुर्गा शक्ति की अधिष्ठात्री देवी हैं। नवरात्रि के पूरे नौ दिन मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा का विशेष महत्व है। मां दुर्गा भक्तों और साधकों में शक्ति का संचार कर करूणा और परोपकार के द्वारा प्राणियों का कल्याण करती हैं। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि नवरात्रि पर्व को पारस्परिक सद्भाव, आपसी भाईचारा एवं शांतिपूर्ण तरीके से हर्षोल्लास के साथ मिल जुलकर मनाएं।

तेजस्वी ने की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना

वहीं, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी सभी लोगों को नवरात्रि की शुभकामनाएं दी हैं। तेजस्वी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, भक्ति, श्रद्धा और उपासना के पावन पर्व शारदीय नवरात्रि की आप सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। इस पर्व पर माता आप सभी को सुख, शांति, समृद्धि एवं संपन्नता प्रदान करे! जय माता दी!

पहले दिन मां शैलपुत्री की होती है पूजा

गौरतलब है कि आज से शारदीय नवरात्रि की शुरुआत हो चुकी है। इस दौरान भक्त नौ दिनों तक माता दुर्गा के नौ रूपों की पूजा-पाठ करते हैं। नवरात्रि के पहले दिन घरों और मंदिरों में कलश स्थापना की जाती है। इस दिन मां दुर्गा के पहले स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा होती है, जिन्हें शक्ति और आस्था का प्रतीक माना जाता है। नवरात्रि के दौरान भक्त पूरे श्रद्धा और विश्वास के साथ मां की पूजा-अर्चना कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हैं।

ये भी पढ़ें- नवरात्रि के पहले दिन ताराचंडी देवी मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, मनोकामना लेकर पहुंचे श्रद्धालु