हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नई दिल्ली में पार्टी के वरिष्ठ नेता नितिन नवीन से मुलाकात की, जिसमें आगामी पंजाब चुनाव और संगठनात्मक बदलावों पर मंथन किया गया।
चंडीगढ़। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय नेता नितिन नवीन से मुलाकात की। करीब एक घंटे तक चली इस उच्च स्तरीय बैठक में हरियाणा और पंजाब के राजनीतिक भविष्य को लेकर गहन मंथन किया गया। बैठक की शुरुआत में नितिन नवीन ने हाल ही में हरियाणा निकाय चुनावों में मिली प्रचंड जीत के लिए मुख्यमंत्री को बधाई दी। माना जा रहा है कि हरियाणा को भाजपा का “मजबूत किला” बनाने के बाद अब केंद्रीय नेतृत्व नायब सिंह सैनी को पंजाब विधानसभा चुनाव में बड़ी जिम्मेदारी सौंपने की तैयारी कर रहा है, जिसके संकेत इस मुलाकात से साफ मिले हैं।
पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए ‘नायब’ रणनीति
इस मुलाकात का सबसे प्रमुख केंद्र बिंदु आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव रहा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पिछले कुछ समय से पंजाब के लगातार दौरे कर रहे हैं और वहां की राजनीतिक नब्ज टटोलने में जुटे हैं। वह अक्सर सिख पगड़ी (पंजाबी पग) बांधकर आयोजनों में शिरकत करते हैं, जिससे पंजाब के लोगों के बीच उनकी स्वीकार्यता बढ़ रही है। शुक्रवार को भी वह पीले रंग की पगड़ी बांधकर दिल्ली पहुंचे थे। पार्टी सूत्रों का कहना है कि जिस तरह भाजपा ने पश्चिम बंगाल में अपनी स्थिति को मजबूत किया है, उसी तर्ज पर अब पंजाब में भी सक्रियता बढ़ाने की योजना है। इस बैठक के बाद जल्द ही राष्ट्रीय नेतृत्व का पंजाब दौरा प्रस्तावित है, जिसमें नायब सैनी की भूमिका अहम होगी।
हरियाणा संगठन में बदलाव के संकेत
पंजाब के साथ-साथ इस चर्चा में हरियाणा भाजपा संगठन के शीर्ष पदों को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा फिर से जोर पकड़ने लगी है कि प्रदेश स्तर पर पदों में कुछ महत्वपूर्ण बदलाव हो सकते हैं। मुख्यमंत्री और नितिन नवीन के बीच हुई यह बातचीत काफी गोपनीय रही, लेकिन छन कर सामने आई खबरों के अनुसार, पार्टी अब उन युवा कार्यकर्ताओं को उत्साहित करने पर ध्यान दे रही है जो पंजाब में कमल खिलाने के लिए उत्सुक हैं। नायब सैनी ने पंजाब के दौरों के जरिए एक मजबूत काडर तैयार कर लिया है, जिसका लाभ पार्टी आने वाले समय में उठाना चाहती है।

