कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। कैथल दौरे के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का एक अलग ही अंदाज देखने को मिला। गांव अरनैचा में एक कार्यकर्ता के घर जाने के दौरान सड़क पर उनका काफिला एक स्कूली बस के पास पहुंचा तो मुख्यमंत्री अचानक बस में सवार हो गए। मुख्यमंत्री को सामने देखकर बस में बैठे बच्चे कुछ पल के लिए हैरान रह गए, लेकिन अगले ही क्षण माहौल उत्साह और मुस्कान से भर गया।
मुख्यमंत्री ने बस में मौजूद बच्चों से बातचीत की और बारी-बारी से उनसे हाथ मिलाया। अचानक अपने बीच मुख्यमंत्री को देखकर बच्चों की खुशी देखते ही बन रही थी। कई बच्चों ने मुख्यमंत्री से बातचीत की, जबकि मुख्यमंत्री भी उनसे पढ़ाई और स्कूल को लेकर सहज अंदाज में बातें करते नजर आए।
दरअसल, मुख्यमंत्री कैथल के गांव जड़ौला में संत गुरु रविदास जी की प्रतिमा स्थापना समारोह में शामिल होने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान अरनैचा गांव में वह एक कार्यकर्ता के घर पहुंचे। इसी बीच एक स्कूली बस उनके काफिले के पास से गुजरी। बच्चों से मिलने की इच्छा हुई तो मुख्यमंत्री सीधे बस में चढ़ गए।
कुछ देर तक बच्चों के बीच रहने के बाद मुख्यमंत्री बस से नीचे उतरे। जैसे ही उनका काफिला आगे बढ़ने लगा, बस में बैठे बच्चे हाथ हिलाकर उन्हें विदाई देते नजर आए। मुख्यमंत्री और बच्चों की यह अचानक हुई मुलाकात वहां मौजूद लोगों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बन गई।

