अनिल शर्मा, अंबाला। मुलाना स्थित Maharishi Markandeshwar Deemed University के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में National Cadet Corps की 2 हरियाणा बटालियन, अंबाला छावनी के अंतर्गत आयोजित वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (ATC-122) का समापन समारोह गरिमामय और अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ।
समापन समारोह में कैम्प कमांडर कर्नल समीत नवानी एवं उप कैम्प कमांडर कर्नल दलमीत सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। शिविर में लगभग 550 कैडेट्स, 25 पीआई स्टाफ तथा 6 एएनओ/सीटीओ ने भाग लिया, जिससे पूरे आयोजन की व्यापकता और सफलता स्पष्ट दिखाई दी।

समारोह के दौरान विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों और प्रतियोगिताओं जैसे ड्रिल, मैप रीडिंग, वॉलीबॉल, खो-खो एवं बैडमिंटन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को सम्मानित किया गया। कैम्प कमांडर कर्नल समीत नवानी ने अपने संबोधन में कैडेट्स की मेहनत, अनुशासन और टीम भावना की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में राष्ट्र सेवा और नेतृत्व के लिए प्रेरित किया।
शिविर के दौरान कैडेट्स को शारीरिक प्रशिक्षण के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रीय एकता जैसे महत्वपूर्ण मूल्यों का प्रशिक्षण दिया गया। पूरे शिविर का सफल संचालन एवं समन्वय एमएमडीयू के मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के डॉ. सुभाष मलिक के मार्गदर्शन में किया गया।
समापन अवसर पर कैडेट्स ने शिविर से प्राप्त अनुभवों को अत्यंत उपयोगी बताते हुए एनसीसी के अनुशासन और मूल्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। ATC-122 का यह समापन समारोह कैडेट्स के लिए प्रेरणादायक एवं यादगार अनुभव के रूप में स्मरणीय रहा।

