गुरुग्राम। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में बढ़ते प्रदूषण और खराब होती हवा से निपटने के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने इस बार पहले से ही सख्त एहतियात बरतनी शुरू कर दी है। आयोग ने 5 से 20 नवंबर तक दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, गाजियाबाद और गौतम बुद्ध नगर के सभी सरकारी व निजी कार्यालयों में 50% स्टाफ को वर्क फ्रॉम होम (घर से काम) करने के निर्देश जारी किए हैं।
यानी इस अवधि के दौरान केवल आधे कर्मचारी ही दफ्तर पहुंचेंगे, जबकि बाकी आधे कर्मचारी घर से काम करेंगे। आयोग के सदस्य सचिव तरुण कुमार पिथौड़े की ओर से जारी इन आदेशों को उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली के मुख्य सचिवों को सख्ती से लागू कराने को कहा गया है।
निर्माण कार्यों पर पाबंदी और किन सेवाओं को छूट?
नंबर के शुरुआती और मध्य दौर में हवा की धीमी रफ्तार और गिरते तापमान के कारण वाहनों, उद्योगों और पराली का धुआं हवा में थम जाता है, जिससे एक्यूआई 400 से 500 तक पहुंच जाता है। इसे देखते हुए 1 नवंबर से धूल उड़ाने वाले तोड़फोड़ और बाहरी निर्माण कार्यों पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। हाईवे, फ्लाईओवर, बिजली और दूरसंचार जैसी परियोजनाओं पर यह प्रतिबंध सख्ती से लागू रहेगा। हालांकि, रेलवे, मेट्रो, एयरपोर्ट, बस अड्डा, अस्पताल, जल आपूर्ति, स्वच्छता और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को इस पाबंदी से बाहर रखा गया है। इसके अलावा औद्योगिक इकाइयों और आवश्यक सेवाओं से जुड़े संस्थानों को भी इस नियम से छूट दी गई है जहां वर्क फ्रॉम होम लागू करना संभव नहीं है।
दिल्ली में बाहरी वाहनों पर सख्ती और ‘नो पीयूसी, नो फ्यूल’ नियम
दिल्ली में प्रवेश करने वाले वाहनों को लेकर भी कड़े कदम उठाए गए हैं। 1 नवंबर से दिल्ली में बाहरी राज्यों के बीएस-5 (BS-VI) से कम मानक वाले डीजल-पेट्रोल वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। हालांकि सीएनजी, इलेक्ट्रिक वाहनों के साथ-साथ एंबुलेंस और दमकल गाड़ियों को छूट दी जाएगी तथा दिल्ली में रजिस्टर्ड वाहनों पर यह प्रतिबंध लागू नहीं होगा। इन नियमों की निगरानी के लिए एआई-आधारित ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन कैमरों का इस्तेमाल किया जाएगा। साथ ही पेट्रोल पंपों पर वैध पीयूसी (प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र) के बिना पेट्रोल, डीजल और सीएनजी न देने का नियम भी प्रभावी रूप से लागू कर दिया गया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

