Neeraj Chopra ruled out of Asian Games: भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने चोट के कारण 2026 के बाकी बचे सभी मुकाबलों से अपना नाम वापस ले लिया है। नीरज अब अगले महीने होने वाले डायमंड लीग फाइनल्स और एशियन गेम्स में हिस्सा नहीं लेंगे। एशियन गेम्स में उनसे गोल्ड मेडल की बड़ी उम्मीद थी, ऐसे में उनका बाहर होना भारतीय खेल प्रेमियों के लिए बड़ा झटका है।

नीरज ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपने फैसले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ट्रेनिंग के दौरान उनके टखने में लिगामेंट फट गया। डॉक्टर और टीम से बातचीत के बाद उन्होंने इस सीजन को यहीं खत्म करने का फैसला किया है।

ट्रेनिंग के दौरान टखने में फटा लिगामेंट

नीरज चोपड़ा ने अपनी पोस्ट में बताया कि ट्रेनिंग के दौरान उनके टखने में चोट लगी। उन्होंने कहा कि डॉक्टर और अपनी टीम से चर्चा के बाद यह तय किया गया कि वह इस सीजन के बाकी इवेंट्स में हिस्सा नहीं लेंगे।

नीरज के इस फैसले का सबसे बड़ा असर एशियन गेम्स पर पड़ेगा। उनसे इस प्रतियोगिता में भारत के लिए गोल्ड मेडल जीतने की उम्मीद की जा रही थी।

एक दिन पहले ही डायमंड लीग फाइनल के लिए किया था क्वालिफाई

नीरज के लिए यह फैसला इसलिए भी चौंकाने वाला है क्योंकि उन्होंने शुक्रवार को ही डायमंड लीग फाइनल्स के लिए क्वालिफाई किया था। उनके नाम के आगे क्वालिफिकेशन का ‘Q’ मार्क भी लग गया था।

ज्यूरिख में हुए मुकाबले में नीरज ने हिस्सा नहीं लिया था, इसके बावजूद वह फाइनल्स की रेस में बने रहे। फाइनल में जगह पक्की करने के अगले ही दिन उन्होंने बाकी सभी टूर्नामेंट्स से हटने का फैसला कर लिया।

डायमंड लीग में मिले 12 अंक

2026 में नीरज चोपड़ा ने डायमंड लीग के दो मुकाबलों में हिस्सा लिया। दोहा और लुसाने में प्रदर्शन के दम पर उन्होंने कुल 12 अंक हासिल किए।

लुसाने डायमंड लीग में नीरज ने सीजन का अपना सबसे लंबा 88.05 मीटर का थ्रो फेंका था। हालांकि, वह पहले स्थान से महज 9 सेंटीमीटर दूर रह गए और उन्हें दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा।

इससे पहले दोहा डायमंड लीग में नीरज चौथे स्थान पर रहे थे।

कॉमनवेल्थ गेम्स में भी रहे थे दूसरे नंबर पर

नीरज चोपड़ा ने 2026 में कॉमनवेल्थ गेम्स में भी हिस्सा लिया था। यहां उन्हें दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। दोहा डायमंड लीग और कॉमनवेल्थ गेम्स, दोनों प्रतियोगिताओं में नीरज 86 मीटर का आंकड़ा पार नहीं कर सके थे।

अब चोट के कारण उनका 2026 का सीजन समय से पहले खत्म हो गया है। नीरज के बाहर होने से एशियन गेम्स में भारत की जैवलिन थ्रो की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H