Commonwealth Games 2026: भारतीय जैवलिन थ्रो स्टार नीरज चोपड़ा ने एक बार फिर अपनी काबिलियत साबित करते हुए कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में सिल्वर मेडल अपने नाम कर लिया। पिछले एक साल से फिटनेस से जुड़ी परेशानियों से जूझ रहे नीरज ने शानदार वापसी करते हुए पोडियम पर जगह बनाई। इसके साथ ही वह कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास में जैवलिन थ्रो में गोल्ड और सिल्वर दोनों मेडल जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बन गए हैं।

मेडल जीतने के बाद नीरज चोपड़ा ने अपनी वापसी, आने वाली चुनौतियों और भारतीय जैवलिन थ्रो के भविष्य को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि अब भारतीय टीम सिर्फ एक खिलाड़ी पर निर्भर नहीं है। अगर वह किसी कारण से मैदान पर नहीं भी हों तो देश के पास ऐसे खिलाड़ी हैं जो बड़े मंच पर मेडल जीत सकते हैं।

यश वीर सिंह की उपलब्धि पर नीरज ने जताई खुशी

प्रेस कॉन्फ्रेंस में नीरज चोपड़ा ने कांस्य पदक विजेता यश वीर सिंह की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि पोडियम पर किसी भारतीय खिलाड़ी के साथ खड़ा होना बेहद खास अनुभव है।

नीरज ने कहा, “आज एशियन गेम्स की यादें ताजा हो गईं, जब किशोर कुमार जेना और मैंने मेडल जीते थे। मुझे बहुत खुशी है कि यश वीर ने इतने बड़े मौके पर अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। पोडियम पर उनके साथ खड़ा होना शानदार एहसास है।”

उन्होंने आगे कहा कि उन्होंने भी इस सीजन का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है और उनकी वापसी सही दिशा में आगे बढ़ रही है। आने वाले समय में कई बड़े टूर्नामेंट हैं, जिनके लिए वह पूरी तरह तैयार हैं।

नीरज ने भारतीय जैवलिन थ्रो के बढ़ते स्तर पर खुशी जताते हुए कहा, “सबसे बड़ी खुशी यह है कि अगर मैं मैदान पर नहीं भी हूं या चोटिल हूं, तब भी हमारे पास अच्छे थ्रोअर हैं। यश वीर अब 85 मीटर के क्लब में पहुंच चुका है और रोहित भी अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। देश में जैवलिन थ्रो को लेकर काफी प्रतिभा सामने आ रही है।”

ठंडे मौसम में प्रदर्शन को लेकर बोले नीरज

नीरज चोपड़ा ने ग्लासगो के मौसम को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि ठंडे मौसम में प्रदर्शन करना उनके लिए आसान नहीं होता और उन्हें गर्म परिस्थितियां ज्यादा पसंद हैं।

उन्होंने कहा, “आज मेरा सिर्फ एक थ्रो अच्छा रहा। बाकी प्रयास इससे बेहतर हो सकते थे। ठंडे मौसम में मुझे थोड़ी परेशानी होती है, जबकि गर्म मौसम में मैं ज्यादा सहज महसूस करता हूं।”

हालांकि, नीरज ने अपने प्रदर्शन से संतुष्टि जताई और कहा कि उनकी फिटनेस और लय धीरे-धीरे वापस आ रही है। अब उनकी नजरें आगामी बड़े मुकाबलों पर हैं। वह एशियन गेम्स 2026 से पहले डायमंड लीग में भी हिस्सा लेते नजर आ सकते हैं।

पीएम मोदी ने दी नीरज और यश वीर सिंह को बधाई

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले नीरज चोपड़ा और यश वीर सिंह को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बधाई दी।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर नीरज को शुभकामनाएं देते हुए लिखा कि ग्लासगो में पुरुषों की जैवलिन थ्रो प्रतियोगिता में नीरज चोपड़ा ने शानदार सिल्वर मेडल जीता। उन्होंने एक बार फिर अपनी निरंतरता, संयम और जज्बे का परिचय दिया है। उनकी सफलता हर भारतीय को गर्व महसूस कराती है।

वहीं, 24 वर्षीय यश वीर सिंह को कांस्य पदक जीतने पर बधाई देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उनका प्रदर्शन उनकी मेहनत और लगन को दर्शाता है। उनकी उपलब्धि देश के युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा देगी।

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का 9वां दिन भारत के लिए यादगार रहा, जहां जैवलिन थ्रो में दो भारतीय खिलाड़ियों ने पोडियम पर जगह बनाकर देश का गौरव बढ़ाया।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H