NEET UG पेपर लीक मामले में आरोपी यश यादव को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। अदालत ने उसे 21 जून को आयोजित होने वाले NEET UG री-एग्जाम में शामिल होने की अनुमति दे दी है। इसके अलावा कोर्ट ने उसे अपनी बहन की शादी में शामिल होने की भी इजाजत दी है। हालांकि, दोनों ही मौकों पर यश यादव पुलिस कस्टडी में रहेगा और उसकी गतिविधियों पर सुरक्षा एजेंसियों की कड़ी निगरानी होगी।

पुलिस कस्टडी में देगा NEET री-एग्जाम

अदालत ने अपने आदेश में स्पष्ट किया कि शिक्षा प्रत्येक नागरिक का मौलिक अधिकार है और किसी भी व्यक्ति को इससे वंचित नहीं किया जा सकता। इसी आधार पर कोर्ट ने यश यादव को परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दी। आदेश के मुताबिक, पुलिस उसे निर्धारित परीक्षा केंद्र तक लेकर जाएगी, जहां वह कस्टडी में रहते हुए परीक्षा देगा।

15 दिन की अंतरिम जमानत की थी मांग

यश यादव ने अदालत से 15 दिनों की अंतरिम जमानत की मांग की थी ताकि वह परीक्षा की तैयारी कर सके और पारिवारिक कार्यक्रमों में शामिल हो सके। हालांकि, जून की शुरुआत में हुई सुनवाई के दौरान अदालत ने यह कहते हुए फैसला टाल दिया था कि उस समय आरोपी को एडमिट कार्ड प्राप्त नहीं हुआ था। इसके बाद मामले की अगली सुनवाई 16 जून के लिए निर्धारित की गई थी, जिस पर यह आदेश जारी किया गया।

पहले पढ़ाई के लिए किताबें रखने की मिली थी अनुमति

इससे पहले 2 जून को राउज एवेन्यू कोर्ट ने यश यादव को जेल में रहते हुए NEET UG की तैयारी के लिए किताबें रखने की अनुमति दी थी। बचाव पक्ष की वकील अंबिका यादव ने अदालत को बताया था कि यश एक मेधावी छात्र है और उसने 3 मई को परीक्षा दी थी, जिसे बाद में रद्द कर दिया गया था।

मामले में अब तक 13 गिरफ्तारियां

NEET UG पेपर लीक मामले में यश यादव समेत कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। कोर्ट ने 2 जून को यश यादव, मांगीलाल बिवाल, विकास बिवाल, दिनेश बिवाल और धनंजय लोखंडे की न्यायिक हिरासत 15 जून तक बढ़ाई थी। इस बहुचर्चित मामले में अब तक कुल 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और जांच की जिम्मेदारी सीबीआई के पास है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m