NEET-PG 2026 Exam: जयपुर के सीतापुरा स्थित आईऑन डिजिटल जोन परीक्षा केंद्र पर रविवार को NEET-PG 2026 परीक्षा के दौरान तकनीकी गड़बड़ी और बिजली सप्लाई बाधित होने से अभ्यर्थियों को परेशानी हुई। परीक्षा प्रभावित होने के बाद प्रशासन ने संबंधित अभ्यर्थियों की परीक्षा 5 सितंबर को दोपहर 3 बजे दोबारा कराने का फैसला किया है।

प्रभावित उम्मीदवारों को नए री-एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे। इस बीच कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पूछा कि ऐसी लापरवाहियों की जवाबदेही कब तय होगी।
सिस्टम बार-बार हुआ बंद, अभ्यर्थियों ने किया विरोध
परीक्षा केंद्र पर मौजूद अभ्यर्थियों ने तकनीकी खराबी की शिकायत की। उम्मीदवार विष्णु शर्मा के मुताबिक, परीक्षा शुरू होने से पहले ही सिस्टम बार-बार बंद हो रहा था। उन्होंने दावा किया कि सिस्टम कुछ देर चलता और फिर क्रैश हो जाता था। उनके अनुसार ऐसा कई बार हुआ। गड़बड़ी से नाराज अभ्यर्थियों और उनके परिजनों ने परीक्षा केंद्र के बाहर विरोध किया। उम्मीदवारों ने परीक्षा की व्यवस्था पर सवाल उठाए और पूरे देश में NEET-PG परीक्षा दोबारा कराने की मांग की।
5 सितंबर को दोबारा होगी परीक्षा
एडीएम सिटी के अनुसार, सीतापुरा स्थित परीक्षा केंद्र के टेस्ट सेंटर नंबर 41682 और 41683 पर प्रभावित अभ्यर्थियों की परीक्षा 5 सितंबर को दोपहर 3 बजे फिर से होगी। इसके लिए नए री-एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे।
प्रशासन ने केंद्र अधीक्षक से पूरे घटनाक्रम की जानकारी मांगी है। मामले की रिपोर्ट बोर्ड को भेजी जा रही है। परीक्षा से जुड़ी जिम्मेदारी एजेंसी M/s TCS Ltd. की बताई गई है।
सचिन पायलट ने उठाए सवाल
NEET-PG परीक्षा में आई तकनीकी समस्या को लेकर कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि जयपुर में परीक्षा के दौरान तकनीकी समस्याओं से परीक्षा प्रभावित होना गंभीर मामला है। पायलट ने कहा कि सवाल सिर्फ परीक्षा रद्द होने या दोबारा कराने का नहीं है। उनका कहना है कि बार-बार सामने आ रही परीक्षा संबंधी खामियों का खामियाजा मेहनत करने वाले छात्रों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने पूछा कि इन व्यवस्थाओं की विफलता की जवाबदेही कब तय होगी।
पायलट ने पेपरलीक और परीक्षा व्यवस्था से जुड़े विवादों का जिक्र करते हुए कहा कि छात्रों की पारदर्शिता और विश्वसनीय परीक्षा प्रणाली की मांग के बावजूद अगर ऐसी समस्याएं दोहराई जाती हैं तो यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि पिछली गलतियों से कोई सबक लिया गया या नहीं।
अरुण चतुर्वेदी बोले, तुरंत कार्रवाई अच्छी बात
राजस्थान वित्त आयोग के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी ने परीक्षा में हुई तकनीकी समस्या को लेकर कहा कि कुछ तकनीकी दिक्कत थी। उन्होंने कहा कि ऐसे मामले सामने आते ही सरकार ने तुरंत कार्रवाई की और फैसले लिए, जो अच्छी बात है।
2.72 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी हुए थे पंजीकृत
NEET-PG 2026 परीक्षा रविवार को देशभर में आयोजित हुई। परीक्षा के लिए कुल 2 लाख 72 हजार 183 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। जयपुर जिले में परीक्षा के लिए 15 केंद्र बनाए गए थे। अब सीतापुरा केंद्र पर प्रभावित अभ्यर्थियों की नजर 5 सितंबर की दोबारा होने वाली परीक्षा पर है। वहीं, पूरे देश में परीक्षा दोबारा कराने की मांग को लेकर छात्रों का विरोध भी सामने आया है।
पढ़ें ये खबरें
- लखनऊ: कमरे में बिस्तर पर संदिग्ध हालत में मिला UPSC छात्र का शव, मची सनसनी
- ज्योतिरादित्य सिंधिया का अनोखा अंदाज: बैलगाड़ी में की सवारी, बॉलीवुड गानों पर जमकर थिरके, युवाओं से कहा- शरीर का कतरा-कतरा आपके लिए न्योछावर
- Lakhimpur Kheri News: बुजुर्ग किसान की हत्या के बाद कोहराम, शव उठाने गई पुलिस को ग्रामीणों ने खदेड़ा
- रीवा में तहसील भवन के लोकार्पण पर भाजपा नेताओं में तीखी तकरार, शिलापट्टिका पर नाम नहीं होने से MLA पर भड़के पूर्व विधायक श्यामलाल द्विवेदी
- मोतिहारी में कचहरी चौक पर वर्दी पहन जमा रहा था रौब, रंगे हाथों धरा गया फर्जी पुलिसकर्मी

