NEET-PG 2026 Jaipur: जयपुर के सीतापुरा स्थित iON Digital Zone परीक्षा केंद्र पर रविवार को NEET-PG 2026 के दौरान बिजली सप्लाई बाधित होने से अभ्यर्थियों को परेशानी हुई। परीक्षा प्रभावित होने से नाराज अभ्यर्थियों और उनके परिजनों ने केंद्र के बाहर हंगामा किया। मामले की शिकायत के बाद केंद्र प्रशासन से रिपोर्ट मांगी गई है और प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया गया है।

परीक्षा केंद्र के बाहर अभ्यर्थियों का हंगामा
बिजली गुल होने के बाद अभ्यर्थियों ने परीक्षा प्रभावित होने की आपत्ति दर्ज कराई। उनका कहना था कि परीक्षा केंद्र की व्यवस्था में कमी का खामियाजा उन्हें नहीं भुगतना चाहिए। अभ्यर्थियों ने पूरी परीक्षा रद्द कर दोबारा परीक्षा कराने की मांग भी रखी। अभ्यर्थियों की चिंता यह भी है कि दोबारा होने वाली परीक्षा में पेपर का पैटर्न और कठिनाई स्तर अलग हो सकता है। इसी वजह से वे सभी अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा दोबारा कराने की मांग कर रहे हैं।
बोर्ड को भेजी जा रही रिपोर्ट
मामले में केंद्र अधीक्षक से जानकारी ली जा रही है। पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट बोर्ड को भेजी जा रही है। इसके बाद प्रभावित अभ्यर्थियों की परीक्षा दोबारा कराने का निर्णय लागू किया जाएगा। NEET-PG 2026 का आयोजन रविवार को देशभर में किया गया। परीक्षा के लिए कुल 2 लाख 72 हजार 183 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। जयपुर जिले में परीक्षा के लिए 15 केंद्र बनाए गए थे।
परीक्षा केंद्रों के आसपास कड़े प्रतिबंध
परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए जयपुर में परीक्षा केंद्रों के 300 मीटर के दायरे में कई तरह की पाबंदियां लगाई गई थीं। प्रशासन का आदेश सुबह 6 बजे से दोपहर 1 बजे तक प्रभावी रहा। इस दौरान ई-मित्र, फोटोकॉपी सेंटर और साइबर कैफे बंद रखने के निर्देश थे। परीक्षा केंद्रों के आसपास मोबाइल, ब्लूटूथ और स्मार्टवॉच जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के इस्तेमाल पर भी रोक थी।
इसके अलावा 300 मीटर के दायरे में कोचिंग संस्थानों के संचालन के साथ लाउडस्पीकर और डीजे पर भी प्रतिबंध लगाया गया था। केंद्रों पर केवल अधिकृत लोगों को प्रवेश की अनुमति थी।
AIAPGET में भी सामने आ चुका है ऐसा मामला
जयपुर में इससे पहले AIAPGET 2026 के दौरान भी बिजली गुल होने का मामला सामने आया था। 22 अगस्त को श्री सत्य साई पीजी कॉलेज परीक्षा केंद्र पर 192 अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे थे। बिजली सप्लाई बाधित होने के कारण 49 अभ्यर्थी अपनी परीक्षा पूरी नहीं कर पाए थे। इसके बाद NTA ने इन 49 अभ्यर्थियों के लिए दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया था। अब NEET-PG के दौरान बिजली की समस्या सामने आने के बाद परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं पर एक बार फिर सवाल उठे हैं।
पढ़ें ये खबरें
- NEET-PG Exam में बड़ा बवाल: सिस्टम हुआ फेल, अब इस तारीख को फिर देना होगा पेपर
- बाणसागर के 6 गेट खुलते ही सुखाड़ नदी में आया सैलाबः मछली पकड़ने गए 6 लोग टापू पर फंसे, 4 का किया रेस्क्यू, राहत बचाव जारी
- इंदौर में इंटरनेशनल ड्रग नेटवर्क पर बड़ा प्रहार: नाइजीरियन महिला 57.18 ग्राम कोकीन के साथ गिरफ्तार, बिजनेस वीजा पर आई थी भारत
- आरती ग्रुप ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत लगाए 3 हजार पौधे, मंत्री राजेश अग्रवाल ने भी किया पौधरोपण
- “असली दुश्मन” के खिलाफ एकजुट हों, मुज्तबा खामेनेई ने मुस्लिम देशों से की बड़ी अपील

