रांची। NEET-PG 2026 परीक्षा को लेकर रांची जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। 30 अगस्त को होने वाली परीक्षा के मद्देनजर शहर के चार परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू रहेगी। अनुमंडल दंडाधिकारी, सदर रांची ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत यह आदेश जारी किया है।
सुबह 6 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक लागू रहेगा आदेश
जिला प्रशासन के मुताबिक, निषेधाज्ञा 30 अगस्त की सुबह 6 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक प्रभावी रहेगी। परीक्षा केंद्रों के आसपास भीड़ जुटने और असामाजिक तत्वों द्वारा कानून-व्यवस्था प्रभावित किए जाने की आशंका को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।इस अवधि में परीक्षा केंद्र के 200 मीटर के दायरे में पांच या उससे अधिक लोगों के एक स्थान पर एकत्र होने पर रोक रहेगी।
चार केंद्रों पर होगी NEET-PG परीक्षा
रांची में परीक्षा के लिए ये चार केंद्र निर्धारित किए गए हैं—
RTCIT: राम टहल चौधरी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, आनंदी, ओरमांझी ब्लॉक चौक
Arunima Technical Services: प्रगति पथ, रोड नंबर-6, सामलोंग, लोअर चुटिया
iQube Digital: कैफेटेरिया बिल्डिंग, मेदांता अस्पताल के पास, इरबा
Oxford Public School: ओल्ड एचबी रोड, प्रगति पथ, रांची
सुरक्षा के लिए पुलिस और मजिस्ट्रेट तैनात
परीक्षा को शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त तरीके से कराने के लिए सभी केंद्रों पर पुलिस पदाधिकारी, पुलिस बल और दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़ी सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
परीक्षार्थी इन बातों का रखें ध्यान
समय से पहले पहुंचें: सुरक्षा जांच और निषेधाज्ञा को देखते हुए परीक्षार्थियों को रिपोर्टिंग समय से कम से कम 45 मिनट पहले केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है।
जरूरी दस्तावेज साथ रखें: वैध एडमिट कार्ड और मूल सरकारी फोटो पहचान पत्र साथ रखना जरूरी है।
इलेक्ट्रॉनिक सामान न ले जाएं: परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाना प्रतिबंधित रहेगा।प्रशासन ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचें और सुरक्षा संबंधी सभी निर्देशों का पालन करें।


