देशभर में चर्चा का विषय बने NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में जांच तेज़ हो गई है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने इस केस में गिरफ्तार किए गए पांच आरोपियों को बुधवार को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया। सुनवाई स्पेशल CBI जज अजय गुप्ता की अदालत में हुई, जहां एजेंसी ने आरोपियों की हिरासत की मांग की। अदालत ने CBI की दलीलों को स्वीकार करते हुए सभी आरोपियों को 7 दिनों की CBI कस्टडी में भेज दिया।

CBI ने अदालत को बताया कि पेपर लीक का नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हुआ हो सकता है और मामले की तह तक पहुंचने के लिए आरोपियों से गहन पूछताछ बेहद जरूरी है। एजेंसी के मुताबिक, जांच अभी शुरुआती चरण में है और इस मामले में बड़े खुलासे होने की संभावना है।

अब तक 7 गिरफ्तारियां

NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में अब तक कुल 7 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। गुरुवार को जिन पांच आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, उनकी पहचान इस प्रकार है:

शुभम खैरनार (नासिक)
मंगिलाल बीवाल (जयपुर)
विकास बीवाल (जयपुर)
दिनेश बीवाल (जयपुर)
यश यादव (गुरुग्राम)

इनमें 30 वर्षीय शुभम खैरनार को मुख्य आरोपी माना जा रहा है। उस पर परीक्षा का पेपर लीक कराने में अहम भूमिका निभाने का आरोप है। उसे दो दिन की ट्रांजिट रिमांड के बाद नासिक से दिल्ली लाया गया।

CBI ने कोर्ट में क्या कहा?

CBI ने अदालत को बताया कि जांच के दौरान कई राज्यों में फैले एक संगठित नेटवर्क के संकेत मिले हैं। एजेंसी का कहना है कि आरोपियों के बीच आपसी संपर्क, पैसों के लेनदेन और परीक्षा से पहले पेपर पहुंचाने की साजिश की जांच की जा रही है। इसी आधार पर CBI ने हिरासत में पूछताछ की मांग की, जिसे अदालत ने मंजूर कर लिया।

NEET-UG 2026 परीक्षा रद्द

3 मई को आयोजित हुई NEET (UG) 2026 परीक्षा को पेपर लीक के आरोपों के चलते मंगलवार को रद्द कर दिया गया था। मेडिकल कॉलेजों में अंडरग्रेजुएट कोर्स में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली यह देश की सबसे बड़ी परीक्षाओं में से एक है। परीक्षा रद्द होने के बाद लाखों छात्रों और अभिभावकों में चिंता का माहौल है।

केंद्र सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए CBI को जांच सौंपी है और परीक्षा प्रक्रिया में हुई कथित अनियमितताओं की पूरी जांच के निर्देश दिए हैं। अब सभी की निगाहें CBI की आगे की कार्रवाई और संभावित बड़े खुलासों पर टिकी हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m