हरियाणा के भिवानी की नीतू सांगवान ने कानपुर में आयोजित प्रतिष्ठित 'इंडिया नेक्स्ट फैशन मॉडल यूपी' के ग्रैंड फिनाले में मुख्य जूरी मेंबर की भूमिका निभाई है। उन्होंने देश भर के उभरते हुए मॉडल्स का मार्गदर्शन करते हुए बेटियों को बिना झिझक अपने सपने पूरे करने के लिए प्रेरित किया।
अजय सैनी, भिवानी। फैशन और ग्लैमर की दुनिया में हरियाणा की बेटियों का डंका लगातार बज रहा है। इसी कड़ी में भिवानी जिले के गांव नाथुवास की बहू नीतू सांगवान ने एक और बड़ी राष्ट्रीय उपलब्धि हासिल कर न केवल भिवानी बल्कि पूरे प्रदेशवासियों को गौरवान्वित किया है। बीते 17 मई को कानपुर में आयोजित हुए प्रतिष्ठित ‘इंडिया नेक्स्ट फैशन मॉडल यूपी’ के ग्रैंड फिनाले में नीतू सांगवान को बतौर मुख्य जूरी मेंबर (निर्णायक मंडल सदस्य) और हरियाणा स्टेट डायरेक्टर के रूप में विशेष तौर पर आमंत्रित किया गया था। इस हाई-प्रोफाइल शो में उन्होंने न केवल देशभर से आए उभरते हुए मॉडल्स और प्रतिभागियों की प्रतिभा का बारीकी से मूल्यांकन किया, बल्कि अपने अनुभवों से उनका शानदार मार्गदर्शन भी किया।
कड़े परिश्रम से हासिल किए कई राष्ट्रीय खिताब
नीतू सांगवान आज फैशन की दुनिया में किसी परिचय की मोहताज नहीं हैं। उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत, अटूट आत्मविश्वास और बेजोड़ प्रतिभा के दम पर कई राष्ट्रीय स्तर के खिताब अपने नाम किए हैं। वे इससे पहले वीजी मिसेज इंडिया ग्लोबल आइकॉन प्रतियोगिता में द्वितीय उपविजेता (सेकंड रनरअप) रह चुकी हैं। इसके अलावा उनके नाम वीजी मिसेज हरियाणा क्वीन और वीजी मिसेज इंडिया डायनामिक दिवा जैसे कई प्रतिष्ठित खिताब दर्ज हैं, जिन्होंने उन्हें इस इंडस्ट्री में एक सशक्त पहचान दिलाई है। कानपुर इवेंट की भारी सफलता के बाद नीतू सांगवान ने बताया कि यह आयोजन बेहद सफल और ऊर्जा से भरपूर रहा, जिससे उन्हें देश की नई प्रतिभाओं को परखने का मौका मिला।
हरियाणा में जल्द होगा भव्य फैशन शो
नीतू सांगवान ने आगामी योजनाओं को साझा करते हुए कहा कि अब हमारी तैयारी अपनी माटी की ग्रामीण और शहरी प्रतिभाओं को एक बड़ा मंच देने की है। बहुत जल्द विशाल इवेंट गुरु और छैल फैशन ब्रांड की तरफ से हमारे वीर राज्य हरियाणा में एक विशाल और भव्य फैशन इवेंट आयोजित किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य प्रदेश के युवाओं के हुनर को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। महिलाओं और युवाओं को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि फैशन का मतलब सिर्फ बाहरी चकाचौंध या अच्छा दिखना नहीं है, बल्कि यह आपके भीतर छिपे आत्मविश्वास और वास्तविक शख्सियत को निखारने का एक बेहद सशक्त माध्यम है।
बेटियों से की घरों से बाहर निकलने की अपील
नीतू सांगवान ने समाज की महिलाओं और बेटियों से विशेष अपील करते हुए कहा कि वे बिना किसी झिझक के अपने सपनों को साकार करने के लिए घरों से बाहर निकलें। इस रचनात्मक क्षेत्र में आगे आकर रूढ़िवादी सोच को बदलें और अपनी खुद की एक अलग पहचान बनाएं। उन्होंने युवाओं को मंत्र देते हुए कहा कि यदि आपके पास सच्ची कड़ी मेहनत करने का जज्बा है और आपका संकल्प दृढ़ है, तो दुनिया का कोई भी मुकाम हासिल करना असंभव नहीं है। इस गरिमामयी आयोजन में शामिल होकर उन्होंने साबित कर दिया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति से किसी भी क्षेत्र में सफलता की नई इबारत लिखी जा सकती है।

