नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित लोगों के बचाव और राहत कार्यों में सहयोग के लिए भारत भी कमर कसे हुए है. इसी क्रम में अब भारत ने मदद के तौर पर पांचवीं खेप भेजी है और भेजी गई राहत सहायता की पांचवीं खेप काठमांडू पहुंच चुकी है. भारत की ओर से 5वें विमान के साथ 11 सदस्यों की रेस्क्यू टीम भी साथ गई है. राहत कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए भारत लगातार मदद कर रहा है.

नेपाल में इस समय बचाव और राहत कार्य तेजी से जारी है. भारत ने बुधवार को बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित नेपाल के लिए पांच टन से अधिक आवश्यक दवाओं की पांचवीं खेप भेजी.

नेपाल में आई भीषण बाढ़ और तबाही के बीच त्रासदी के 8वें दिन भारत का पांचवां विमान नेपाल के लिए रवाना हो गया है.  साथ ही 11 सदस्यीय बचाव दल भी रवाना किया गया. यह दल बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में खोज एवं बचाव अभियान में सहायता करेगा.

इससे पहले दो दिन पहले ही भारत ने बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए 11 टन राहत सामग्री और तकनीकी दल के साथ चौथा विमान नेपाल भेजा था. विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी शेयर की है. उन्होंने कहा कि भारत लगातार नेपाल की मदद के लिए काम कर रहा है.

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इसकी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि पांचवां भारतीय विमान नेपाल के लिए रवाना हो चुका है. भारत ने बचाव दल के साथ बड़ी मात्रा में दवाएं भी भेजी हैं. प्लेन में कुल 5.5 टन जरूरी दवाएं भेजी गई हैं.

नेपाल पुलिस के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक 26 अगस्त को आई विनाशकारी बाढ़ के चलते अब तक 1127 लोगों की मौत हो चुकी है. जबकि 4000 से अधिक लोग लापता बताए जा रहे हैं. गौरतलब है, नेपाल में बचाव अभियान लगातार जारी है. कई प्रभावित इलाकों तक पहुंचना अभी भी चुनौती बना हुआ है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m