MP Morning News: शिखिल ब्यौहार, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश की चार नई सीधी हवाई सेवाओं का शुभारंभ करेंगे। इनमें भोपाल-रीवा, भोपाल-पटना, रीवा-कोलकाता और जबलपुर-कोलकाता हवाई मार्ग शामिल हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव भोपाल से रीवा की पहली उड़ान को फ्लैग ऑफ करेंगे। इन नई सेवाओं के शुरू होने से प्रदेश की आंतरिक और अंतर्राज्यीय हवाई कनेक्टिविटी को और मजबूती मिलेगी।

इन सेवाओं का संचालन अलायन्स एयर की ओर से किया जाएगा। इन सभी घरेलू हवाई मार्गों को मध्यप्रदेश नागरिक विमानन नीति के तहत वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। प्रत्येक राउंड ट्रिप पर राज्य शासन द्वारा 10 लाख रुपये तक की वायबिलिटी गैप फंडिंग दी जाएगी। इस नीति के तहत अब तक 8 नए हवाई मार्ग स्वीकृत किए जा चुके हैं। इनमें से चार मार्गों पर हवाई सेवाएं प्रारंभ हो चुकी हैं, जबकि चार नए मार्गों पर सेवाएं प्रारंभ की जा रही हैं। नीति के अंतर्गत पहले प्रारंभ किए गए मार्गों में रीवा-दिल्ली, रीवा-इंदौर, रीवा-रायपुर और इंदौर-अबूधाबी शामिल हैं।

प्रदेश के भीतर और अन्य राज्यों से बढ़ेगा हवाई संपर्क

भोपाल-रीवा सीधी हवाई सेवा प्रदेश के भीतर हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी। इससे राजधानी भोपाल और विंध्य क्षेत्र के बीच सीधा हवाई संपर्क और सुदृढ़ होगा। इसी प्रकार भोपाल-पटना सीधी उड़ान से मध्यप्रदेश की राजधानी सीधे बिहार की राजधानी से जुड़ेगी। इससे दोनों राज्यों के बीच आवागमन सुगम होगा और मध्यप्रदेश में निवासरत बिहार की बड़ी आबादी के साथ यात्रियों, व्यापारियों और कारोबारियों को सुविधा मिलेगी। रीवा-कोलकाता और जबलपुर-कोलकाता के बीच सीधी हवाई सेवाएं शुरू होने से प्रदेश के इन दोनों महत्वपूर्ण शहरों का कोलकाता और पूर्वी भारत से हवाई संपर्क मजबूत होगा।

CM के आज के कार्यक्रम

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज सुबह 09 बजे टी.टी. नगर स्टेडियम, भोपाल पहुंचेंगे। जहां हर घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगा यात्रा के आयोजन में शामिल होंगे। दोपहर 02:00 बजे वी.सी. से बलराम कृषि महोत्सव, राजगढ़ में शामिल शामिल होंगे। दोपहर 03:00 बजे सीएम हाउस में बैठक करेंगे। शाम 04 भोपाल एयरपोर्ट से भोपाल-रीवा-भोपाल / रीवा-कोलकाता-रीवा हवाई सेवा का शुभारंभ करेंगे।

सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर नगर निगम हुआ एक्टिव

रेजिडेंशियल इलाकों में कमर्शियल परिसर का सर्वे आज से शुरू होगा। बिना मंजूरी कमर्शियल परिसरों की जांच के लिए दल गठित किया गया है। 3 कैटेगरी में सर्वे होगा। पहली कैटेगरी में 7.5 मीटर तक की सड़क, दूसरी कैटेगरी में 7.5 से 15 मीटर तक की सड़कों पर और तीसरी कैटेगरी में 15 मीटर से ज्यादा चौड़ी सड़कों पर सर्वे होगा। इसके लिए विधानसभावार 6 दल गठित किए गए है। हर दल में अपर आयुक्त को प्रभारी बनाया गया है। हर जोन में 4 सदस्य दल में नियुक्त किए गए। गठित दल परिसरों की लैंड यूज़ परमिशन की जांच करेंगे। भवन अनुज्ञा शाखा कार्रवाई करेगी। हर दिन नोटिस और दलों की कार्रवाई की समीक्षा होगी।

सिंगरौली दौरे पर मंत्री सम्पतिया उइके

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री एवं सिंगरौली की प्रभारी मंत्री सम्पतिया उइके आज 9 अगस्त को जिले के एक दिवसीय प्रवास पर रहेंगी। दोपहर 3 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक करेंगी। वे विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और ‘तिरंगा यात्रा 2026’ की तैयारियों की समीक्षा करेंगी। इसके बाद शाम 6:55 बजे भोपाल के लिए होंगी रवाना।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m