शब्बीर अहमद, भोपाल। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) भोपाल आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों के लिए राहत भरी खबर है। अस्पताल प्रशासन ने मरीजों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए “एम्स भोपाल व्हाट्सऐप – स्वास्थ्य सेवाएं” नाम से एक नई डिजिटल सेवा की शुरुआत की है। इस पहल के बाद अब मरीजों को छोटी-छोटी जरूरतों और कागजी काम के लिए अस्पताल के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
घर बैठे मिलेंगी ये 5 बड़ी सुविधाएं
OPD अपॉइंटमेंट: मरीज घर बैठे ही बाह्य रोगी विभाग (OPD) के लिए अपना रजिस्ट्रेशन और अपॉइंटमेंट बुक कर सकेंगे।
लैब रिपोर्ट डाउनलोड: अपनी स्वास्थ्य जांच रिपोर्ट (Lab Reports) सीधे व्हाट्सऐप पर देख और डाउनलोड कर सकेंगे।
डिस्चार्ज समरी: अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद की डिस्चार्ज समरी व्हाट्सऐप पर प्राप्त हो जाएगी।
जन्म और मृत्यु प्रमाण-पत्र: एम्स द्वारा जारी किए जाने वाले जन्म और मृत्यु प्रमाण-पत्र भी डिजिटली डाउनलोड किए जा सकेंगे।
अस्पताल की जानकारी: एम्स में उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं और सेवाओं की जानकारी भी चैट के माध्यम से तुरंत मिल जाएगी।
लंबी लाइनों और इंतजार से मिलेगी मुक्ति
एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल (डॉ.) नरेन्द्र कोतवाल (रि.) के निर्देशन में यह सेवा शुरू की गई है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य अस्पताल में लगने वाली लंबी कतारों और मरीजों के प्रतीक्षा समय (Waiting Time) को कम करना है।प्रशासन का कहना है कि इस डिजिटल सेवा से न केवल मरीजों का समय बचेगा, बल्कि अस्पताल की सेवाएं और अधिक सरल, तेज, सुरक्षित और पारदर्शी बन सकेंगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


