शिखिल ब्यौहार, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर सीएम सचिवालय में कामकाज को और व्यवस्थित करने के लिए नया रोस्टर सिस्टम लागू किया गया है। अब मंत्रालय स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय और समत्व भवन स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय के लिए अधिकारियों की अलग-अलग जिम्मेदारी तय कर दी गई है।
मुख्यमंत्री कार्यालय, मध्यप्रदेश द्वारा जारी आदेश के अनुसार अब सप्ताह के सभी 7 दिन सीएम की बैठक, भेंट-मुलाकात और अन्य कार्यक्रमों में समन्वय के लिए सचिव, अपर सचिव और उप सचिव स्तर के अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। नए रोस्टर में साफ किया गया है कि मंत्रालय और समत्व दोनों जगहों पर अलग-अलग अधिकारी उपस्थित रहकर काम देखेंगे।
मंत्रालय में सचिव और अप, उप सचिव स्तर के अधिकारी सोमवार से शुक्रवार तक ड्यूटी पर रहेंगे। सीएम हाउस में सचिव, अपर सचिव और अपर/उप सचिव स्तर के अधिकारी सप्ताह के 7 दिन ड्यूटी करेंगे।
रोस्टर के अनुसार सोमवार को मंत्रालय में डॉ. सुदाम खाड़े और अरविंद दुबे, वहीं सीएम हाउस में कौशलेन्द्र विक्रम सिंह और सुधीर कोचर मौजूद रहेंगे। इसी तरह मंगलवार से रविवार तक अलग-अलग अधिकारियों की ड्यूटी तय की गई है। शनिवार और रविवार को मंत्रालय बंद रहेगा, लेकिन सीएम हाउस में अधिकारियों की ड्यूटी जारी रहेगी।
आदेश में कहा गया है कि अधिकारियों की उपस्थिति का मुख्य उद्देश्य मुख्यमंत्री जी के निर्धारित कार्यक्रमों और बैठकों में समन्वय करना है। साथ ही मुख्यमंत्री जी की अनुपस्थिति में आम नागरिकों से भेंट-मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनना और निराकरण की दिशा में कार्रवाई करना भी शामिल है।
इस नए सिस्टम से माना जा रहा है कि मंत्रालय और निवास दोनों जगह सीएम कार्यालय का काम 7 दिन प्रभावी ढंग से चल सकेगा और जनता की शिकायतों का त्वरित निपटारा हो सकेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


