G7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के बीच महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठक हुई। दोनों नेताओं ने भारत-कनाडा संबंधों को नई दिशा देने, आर्थिक सहयोग बढ़ाने और वैश्विक मुद्दों पर साझेदारी मजबूत करने को लेकर विस्तृत चर्चा की। यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब दोनों देश अपने रिश्तों को नए सिरे से मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
रिश्तों में नई ऊर्जा, FTA पर जोर
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उन्हें खुशी है कि उनकी और मार्क कार्नी की पहली औपचारिक मुलाकात G7 शिखर सम्मेलन के दौरान हुई। उन्होंने बताया कि दोनों नेता अब तक कई बार बातचीत कर चुके हैं और द्विपक्षीय संबंधों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर भी खुलकर विचार साझा कर रहे हैं।
मोदी ने कहा कि भारत और कनाडा मित्र देशों के रूप में महत्वपूर्ण प्रगति कर रहे हैं। उन्होंने भारतीय समुदाय के प्रति कनाडा सरकार के सहयोग और संवेदनशीलता के लिए प्रधानमंत्री कार्नी का आभार भी व्यक्त किया।
‘इस साल कनाडा आने की कोशिश करूंगा’
प्रधानमंत्री मोदी ने मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को लेकर भारत की उत्सुकता जाहिर करते हुए कहा कि वह इस वर्ष कनाडा की यात्रा करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनकी यात्रा से पहले ही इस समझौते को अंतिम रूप दिया जा सकेगा, जिससे दोनों देशों के आर्थिक संबंधों को नई गति मिलेगी।
तकनीक और ऊर्जा सुरक्षा में बढ़ेगा सहयोग
मोदी ने कहा कि भारत तकनीकी क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है और कनाडा ऊर्जा सुरक्षा के क्षेत्र में एक अहम साझेदार साबित हो सकता है। उन्होंने संकेत दिया कि दोनों देशों के बीच इन क्षेत्रों में सहयोग की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं।
व्यापार दोगुना करने का साझा लक्ष्य
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने भी भारत के साथ मजबूत और दीर्घकालिक साझेदारी की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (CEPA) पर सक्रिय बातचीत जारी है और इसे G20 शिखर सम्मेलन तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। कार्नी ने विश्वास जताया कि दोनों देशों के बीच सहयोग की अपार संभावनाएं हैं और दशक के अंत तक द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करना दोनों सरकारों का साझा उद्देश्य है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

