ऑकलैंड। न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने ऑकलैंड के ओटाहुहु स्थित गुरुद्वारा गुरु नानक सिख संगत साहिब का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गढ़गज से विशेष मुलाकात की। इस बैठक को न्यूजीलैंड सरकार और सिख समुदाय के बीच संबंधों को और अधिक प्रगाढ़ बनाने की दिशा में एक बड़े कदम के रूप में देखा जा रहा है।
मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री लक्सन और जत्थेदार गढ़गज के बीच न्यूजीलैंड में रह रहे सिख समुदाय और अन्य समुदायों के बीच आपसी सहयोग तथा सामाजिक एकता को बढ़ावा देने पर विस्तार से चर्चा हुई। पीएम लक्सन ने सिख समुदाय की प्रशंसा करते हुए कहा कि सिख समुदाय ने न्यूजीलैंड के आर्थिक और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। सेवा और मानवता के जिन मूल्यों को इस समुदाय ने बरकरार रखा है, वह काबिले तारीफ है।

जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गढ़गज ने सिख समुदाय को दिए जा रहे सम्मान के लिए न्यूजीलैंड सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रधानमंत्री लक्सन को अमृतसर स्थित श्री हरिमंदिर साहिब (स्वर्ण मंदिर) आने का औपचारिक निमंत्रण भी दिया, जिसे प्रधानमंत्री ने सहर्ष स्वीकार कर लिया है। बैठक के अंत में दोनों नेताओं के बीच स्मृति चिह्नों और उपहारों का आदान-प्रदान भी हुआ।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m