बीडी शर्मा, दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में शासकीय स्वास्थ्य केंद्रों में फर्जी एमबीबीएस (MBBS) की डिग्री के सहारे नौकरी हासिल करने वाले बड़े रैकेट का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। इस मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भोपाल राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) कार्यालय से पांचवें आरोपी आईटी असिस्टेंट आदिल खान को गिरफ्तार किया है। वहीं मामले में पकड़े गए तीन कथित डॉक्टरों को रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद जेल भेज दिया गया है।

ये भी पढ़ें : मिर्च पाउडर से सरकारी कर्मचारियों पर हमला, जान बचाकर भागी टीम, अतिक्रमण हटाने पहुंचा था दस्ता, वीडियो हुआ वायरल

कड़ियों से कड़ियां जोड़कर हुआ खुलासा

दमोह के शासकीय आरोग्य केंद्र यानि संजीवनी हॉस्पिटल में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर प्रैक्टिस और नौकरी करने का यह मामला बेहद चौंकाने वाला है। कुछ दिनों पहले पुलिस ने फर्जी एमबीबीएस डिग्री पर नौकरी कर रहे दो फर्जी डॉक्टरों सचिन यादव और राजपाल गौर को गिरफ्तार किया था। इसके बाद इन दोनों से कड़ी पूछताछ के बाद पुलिस ने जबलपुर के संजीवनी हॉस्पिटल से तीसरे आरोपी डॉक्टर अजय मौर्य को दबोचा था।

मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी

इन तीनों से मिली निशानदेही और इनपुट के आधार पर पुलिस ने भोपाल से इस पूरे फर्जीवाड़े के मास्टरमाइंड और रेडियोलॉजिस्ट डॉक्टर हीरा सिंह कौशल को गिरफ्तार किया, जो फर्जी डिग्रियां तैयार करता था।

भोपाल NHM के आईटी असिस्टेंट पर क्या है आरोप?

पुलिस जांच में पांचवें आरोपी के रूप में भोपाल एनएचएम में पदस्थ आईटी असिस्टेंट आदिल खान का नाम सामने आया है। पुलिस को अंदेशा है कि आदिल खान इस रैकेट को सरकारी सिस्टम और एनएचएम की साइट पर नियुक्तियों व आर्डर्स के संबंध में मदद पहुंचा रहा था।

मैं बिल्कुल निर्दोष हूं, मेरा भविष्य खत्म हो गया- आदिल खान

जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण के दौरान पांचवें आरोपी आदिल खान ने मीडिया के सामने खुद को बेकसूर बताया। आदिल का कहना है कि मेरा काम सिर्फ एनएचएम की वेबसाइट पर वैकेंसी और आर्डर अपलोड करना है। किसी आरोपी ने मेरा नाम ले लिया और पुलिस ने मुझे पकड़ लिया। मैं इन चारों में से किसी को नहीं जानता। एनएचएम में इंटरव्यू की कोई प्रक्रिया नहीं होती। मेरा इस फर्जी डिग्री मामले में कोई रोल नहीं है।

ये भी पढ़ें : कटनी में प्रशासन का बड़ा एक्शन: ‘बेस्ट केयर क्लीनिक’ पर स्वास्थ्य विभाग का छापा, बिना डिग्री मरीजों का इलाज कर रहा था झोलाछाप डॉक्टर, क्लीनिक सील

आरोपियों का मेडिकल टेस्ट, कोर्ट से मिली 2 दिन की रिमांड

पुलिस ने इस मामले के मुख्य सरगना डॉक्टर हीरा सिंह कौशल और एनएचएम के आईटी असिस्टेंट आदिल खान को जिला अस्पताल लाकर उनका मेडिकल परीक्षण कराया। इसके बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने आगे की पूछताछ और बड़े खुलासों के लिए दोनों को 2 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस को उम्मीद है कि रिमांड के दौरान इस रैकेट से जुड़े कई और रसूखदार चेहरों के नाम सामने आ सकते हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m