राजकुमार दुबे, कांकेर. जवानों को विस्फोट के जरिए निशाना बनाने की साजिश के मामले में भानुप्रतापपुर की एनआईए विशेष कोर्ट ने शुक्रवार को बड़ा फैसला सुनाया है. दो आरोपियों को 10-10 साल के सश्रम कारावास की सजा दी गई है. साथ ही दोनों पर 2-2 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है.

घेराबंदी में पकड़ाए थे आरोपी

मामला 28 अक्टूबर 2023 का है. कांकेर जिले के कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र के चिलपरस-नयापारा पहाड़ी के पास बीएसएफ और पुलिस की संयुक्त टीम गश्त कर रही थी. इसी दौरान जंगल के पास कुछ संदिग्ध लोग भागने लगे. सुरक्षा बलों ने घेराबंदी कर दो लोगों को पकड़ लिया.

पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान सानू कोमरा (23) और अर्जुन साहू (22), निवासी बेड़ापारा आलपरस, थाना कोयलीबेड़ा के रूप में हुई थी. आरोप था कि दोनों प्रतिबंधित माओवादी संगठन की जनमिलिशिया से जुड़े थे और सुरक्षा बलों के जवानों को विस्फोट से निशाना बनाने की साजिश में शामिल थे.

आरोपियों के पास से विस्फोटक सामग्री बरामद

सुरक्षा बलों की तलाशी में आरोपियों के कब्जे से नौ डेटोनेटर, तार का बंडल, एक स्विच, प्लास्टिक रस्सी के तीन बंडल, छर्रों के दो पैकेट, करीब एक किलोग्राम लोहे के टुकड़े, दो पाइप और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया था. इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच की और आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में प्रकरण प्रस्तुत किया.

सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने गवाहों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोप साबित करने की पैरवी की. मामले की सुनवाई करते हुए विशेष न्यायाधीश एनआईए दीपक के गुप्ता की अदालत ने सानू कोमरा और अर्जुन साहू को दोषी ठहराते हुए 10-10 साल के सश्रम कारावास और 2-2 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया.

नक्सल मामलों में तीन फैसले, 33 प्रकरण लंबित

कांकेर जिले में अब तक तीन नक्सल मामलों में फैसले सामने आए हैं. इनमें दो मामले भानुप्रतापपुर न्यायालय और एक मामला कांकेर न्यायालय से संबंधित बताया गया है. इससे पहले सितंबर 2026 में कांकेर न्यायालय ने एसजेडसीएम प्रभाकर राव और उसकी पत्नी डीवीएम राजे कांगे से जुड़े मामले में फैसला सुनाया था. वहीं, 16 सितंबर 2026 को भानुप्रतापपुर की एनआईए अदालत ने नक्सली पोलूराम आंचला को 10 साल के कारावास की सजा सुनाई थी. जिले में नक्सल अपराधों से जुड़े कुल 36 मामले लंबित थे. तीन मामलों में फैसले के बाद अब 33 मामले लंबित हैं.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H