पंकज श्रीवास्तव, छपरा। जिले के मशरक थाना क्षेत्र के पचरूखवा गांव में दिल्ली से आई एनआईए की टीम ने छापेमारी की है। छापेमारी के दौरान जांच टीम ने कुछ भी बताने से इंकार किया। वहीं मौके पर मशरक थानाध्यक्ष उज्जवल कुमार भारी संख्या में पुलिस बल के साथ तैनात रहें। जांच टीम ने पचरुखवा गांव में निजाम अंसारी के मकान की घेरा बंदी कर छापेमारी की। बता दें कि एनआईए ने छपरा के अलावा गोपालगंज और मोतिहारी में भी मानव तस्करी को लेकर छापेमारी की है।
लैपटाप और मोबाइल साथ ले गई जांच टीम
छापेमारी के दौरान निजाम अंसारी के बेटे सदाकत अंसारी से घंटों पूछताछ की गई। एनआईए की टीम ने सदाकत अंसारी के मोबाइल और लैपटॉप की गहनता से जांच पड़ताल के बाद लैपटाप और मोबाइल सील कर लिया और अपने साथ लेकर चली गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि युवक कंबोडिया में काम करता है और यह मामला मानव तस्करी से संबंधित हो सकता है। हालांकि इस विषय पर एनआईए की टीम और मसरख थाना अध्यक्ष ने कुछ भी कहने से इंकार कर दिया है।
पुलिस ने पूरे इलाके को किया सील
गौरतलब है कि एनआईए की टीम पहुंचते ही पूरे मोहल्ले की नाकाबंदी कर दी गई और किसी को भी आने-जाने नहीं दिया जा रहा था। जांच अधिकारी सीधे निजाम अंसारी के घर पहुंचे और उनके बेटे से घंटे पूछताछ की गई। स्थानीय लोगों के अनुसार उनके मकान के आसपास किसी को भी जाने की इजाजत नहीं थी। मसरख पुलिस पूरी तरह से यहां पर नाकाबंदी कर चुकी थी, जब तक छापेमारी चली तब तक इस इलाके को पूरी तरह से सील कर दिया गया था।

