Assam Nimisha Thakuria Death: असम के गुवाहाटी यूनिवर्सिटी की 21 साल की छात्रा की मौत एक पहेली बन गई है. मृतका की पहचान धाराापुर निवासी निमिषा ठाकुरिया के रूप में हुई है. उसका शव आजरा इलाके के एक होमस्टे से बरामद किया गया. घटना के बाद पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस के मुताबिक, छात्रा के शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं. निमिषा गुवाहाटी यूनिवर्सिटी में पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड कोर्स की छात्रा थी. परिवार के अनुसार, वह शुक्रवार रात करीब 11 बजे एक दोस्त के साथ घर से निकली थी.

निमिषा ने रात में दोस्त के घर रुकने की बात कही थी

निमिषा ने शाम के पांच बजे घर से बाहर जाते हुए अपने परिजनों से कहा था कि आज वह रात को एक दोस्त के घर रुकेगी, लेकिन उसने आधी रात को अपनी मां को फ़ोन करके कहा, ” मां ये लोग मुझे मार डालेंगे,” और इसके बाद शायद किसी ने उसका फोन छीन लिया था. इसके बाद निमिषा के माता-पिता पास के आजारा पुलिस स्टेशन गए और पुलिस को सारी जानकारी दी. उस समय, पुलिस स्टेशन के सब-इंस्पेक्टर गश्त पर थे. पुलिस के साथ वो अस्पताल पहुंचे जहां निमिषा की मौत हो चुकी थी.

होमस्टे के केयरटेकर ने क्या बताया

वहीं, होमस्टे के केयरटेकर ने बताया है कि, उसने रात में एक आदमी को चिल्लाते हुए सुना था, जो किसी को उठने के लिए कह रहा था. ​मैंने अपने दो और साथियों को बुलाया और हम बाहर गए, लेकिन हमें वहां कोई नहीं मिला. जब ​​हम दोबारा होमस्टे के एंट्री गेट पर रुके, तो मैंने रोने की आवाज़ सुनी. हम उस कमरे की ओर गए जहां से रोने की आवाज़ आ रही थी. वहां, हमने एक लड़के को एक लड़की को पकड़े हुए देखा, जिसकी बॉडी फ़र्श पर पड़ी थी. मैंने मालिकों को फ़ोन किया. वे आए, एम्बुलेंस बुलाई और फिर चले गए.

वहीं निमिषा ठाकुरिया के पिता दीपज्योति ठाकुरिया ने कहा, “मुझे न्याय चाहिए. मेरी मांग है कि सरकार दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे। मेरी बच्ची ने जो कुछ भी सहा है, दोषी को भी वैसी ही स्थिति का सामना करना चाहिए.”

पुलिस ने आसिफ गिरफ्तार

इस मामले में पुलिस ने बॉयफ्रेंड आसिफ अली नाम के युवक को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, निमिषा शुक्रवार रात उसके साथ होमस्टे में रुकी थी. डीसीपी (पश्चिम) बोलिन देओरी ने बताया कि शनिवार तड़के तीन युवक निमिषा को आजरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे थे. यहां से उसे गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (GMCH) रेफर किया गया. अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आसिफ अली ने दावा किया कि निमिषा ने छत के पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या की. हालांकि, पुलिस इस दावे की जांच कर रही है. पुलिस को उसके शरीर पर चोट के निशान मिले हैं. ऐसे में मौत की परिस्थितियां सवालों के घेरे में हैं. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

निमिषा के शव को पोस्टमार्टम के लिए GMCH भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह को लेकर स्थिति साफ हो सकेगी. पुलिस घटनास्थल से मिले सबूतों और आरोपी से पूछताछ के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है. पुलिस ने मामले से जुड़े कुछ अन्य लोगों से भी पूछताछ शुरू की है. यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि निमिषा शुक्रवार रात किन परिस्थितियों में होमस्टे पहुंची थी और उसके बाद वहां क्या हुआ.

छात्र और स्थानीय लोगों ने किया प्रदर्शन

निमिषा की मौत की खबर फैलने के बाद शनिवार को धाराापुर इलाके में स्थानीय लोगों और छात्रों ने प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति भी देखने को मिली. कुछ संगठनों ने आरोपी और निमिषा के अलग-अलग धार्मिक समुदायों से होने का हवाला देते हुए इसे लव जिहाद से जोड़कर आरोप लगाए. हालांकि, पुलिस की ओर से इस दावे की पुष्टि नहीं की गई है.

पश्चिम गुवाहाटी के डीसीपी बोलिन देओरी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है. पुलिस उसके आत्महत्या वाले दावे की भी जांच कर रही है. फिलहाल मौत की असली वजह स्पष्ट नहीं है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m