केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण मंगलवार को वाराणसी पहुंचीं, जहां भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया. वह आईआईटी बीएचयू में आयोजित मुत्तुस्वामी दीक्षितर की 250वीं जयंती समारोह में शामिल होंगी और 250 रुपये का स्मारक सिक्का जारी करेंगी.
वाराणसी. केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण मंगलवार को दिल्ली से विमान के जरिए वाराणसी पहुंचीं. उनका विमान दोपहर में बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतरा, जहां भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया.
स्वागत कार्यक्रम में भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री एवं एयरपोर्ट प्रोटोकॉल प्रभारी शैलेश पांडेय भी मौजूद रहे. उन्होंने केंद्रीय वित्त मंत्री का अभिनंदन किया.
आईआईटी बीएचयू में समारोह
एयरपोर्ट पर स्वागत कार्यक्रम पूरा होने के बाद निर्मला सीतारमण आईआईटी बीएचयू के लिए रवाना हुईं. यहां कर्नाटक संगीत के प्रसिद्ध संगीतकार मुत्तुस्वामी दीक्षितर की 250वीं जयंती के अवसर पर विशेष समारोह आयोजित किया गया है.
इस कार्यक्रम में वित्त मंत्री मुत्तुस्वामी दीक्षितर की स्मृति में 250 रुपये का स्मारक सिक्का जारी करेंगी. भारतीय शास्त्रीय संगीत की कर्नाटक शैली के तीन महान संगीतकारों की त्रिमूर्ति में मुत्तुस्वामी दीक्षितर का महत्वपूर्ण स्थान है.

