कुंदन कुमार/पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे और जेडीयू नेता निशांत अब पार्टी की कमान संभालते हुए नजर आ रहे हैं। शनिवार को निशांत ने पटना स्थित जेडीयू कार्यालय में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ एक अहम हाई-लेवल मीटिंग की। इस बैठक का मुख्य एजेंडा आगामी चुनावों से पहले संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाना और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरना था।
संगठन की मजबूती पर मंथन
बैठक के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए निशांत ने स्पष्ट किया कि पार्टी की मजबूती उनके लिए प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, पार्टी और संगठन को कैसे और अधिक प्रभावी बनाया जाए, इस पर नेताओं के साथ विस्तृत चर्चा हुई है। अभी विचारों का आदान-प्रदान चल रहा है और इसीलिए मैं लगातार बैठकें कर रहा हूं। निशांत के इस सक्रिय अंदाज को जेडीयू के भीतर एक बड़े बदलाव के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
जल्द शुरू होगी बिहार यात्रा
निशांत ने सिर्फ बैठकों तक ही खुद को सीमित नहीं रखा है, बल्कि उन्होंने सीधे जनता के बीच जाने का भी मन बना लिया है। उन्होंने घोषणा की कि वे जल्द ही बिहार की यात्रा पर निकलेंगे। यात्रा के शेड्यूल के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, पूरा कार्यक्रम तैयार किया जा रहा है। जैसे ही तारीखें तय होंगी, मैं खुद आप सभी को जानकारी दूंगा कि मैं कब से जनता के बीच जा रहा हूं।
बदलेगी जेडीयू की तस्वीर?
राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि निशांत का सक्रिय राजनीति में इस तरह कदम बढ़ाना जेडीयू के भविष्य के लिए निर्णायक साबित हो सकता है। हाई-लेवल मीटिंग्स और प्रस्तावित बिहार यात्रा यह दर्शाती है कि आने वाले दिनों में संगठन के ढांचे में बड़े फेरबदल और नई रणनीतियां देखने को मिल सकती हैं।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

