करनाल। हरियाणा के करनाल जिले के निसिंग में 8 सितंबर की सुबह कपूर जनरल स्टोर का शटर तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। चोर दुकान से करीब 7 लाख रुपये नकद और नोटों के हार लेकर फरार हो गए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। सूचना मिलने के बाद निसिंग पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। दुकानदार की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

मंदिर जाते समय दुकानदार ने देखा टूटा शटर
दुकानदार अपनाशित सिंह ने बताया कि उसे किसी व्यक्ति को पेमेंट करनी थी। इसी वजह से उसने करीब 7 लाख रुपये दुकान में रखे थे। 8 सितंबर की सुबह वह मंदिर की तरफ जा रहा था। इसी दौरान उसे दुकान का शटर टूटा हुआ दिखाई दिया।
इसके बाद वह वापस घर गया और अपने पिता को साथ लेकर दुकान पहुंचा। दुकान के अंदर जाकर देखा तो नकदी और नोटों के हार गायब थे। दुकानदार के मुताबिक नकदी और नोटों के हार के अलावा दुकान से कोई अन्य सामान चोरी नहीं हुआ।
रात पौने 3 बजे दुकान में दिखे चोर
सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक 8 सितंबर को करीब पौने 3 बजे सुबह चोर दुकान के अंदर दिखाई दे रहे हैं। फुटेज में चोर नोटों के बंडल काउंटर पर रखते और नोटों के हार उठाते नजर आ रहे हैं।
दुकानदार के अनुसार सीसीटीवी कैमरों में कुल तीन लोग दिखाई दे रहे हैं। इनमें एक ने सफेद कपड़े पहने हुए हैं और सिर पर भी सफेद कपड़ा लपेट रखा है। दूसरा व्यक्ति सामान्य कपड़ों में नजर आ रहा है।
दुकानदार ने सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दी है। पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। मामले की जांच जारी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



