Nitin Nabin Jaipur Visit: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शुक्रवार को जयपुर के दादिया गांव में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती पर आयोजित ‘सेवा संकल्प सभा’ को संबोधित किया। उन्होंने दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और अंत्योदय के विचार को समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का माध्यम बताया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ समेत पार्टी के कई नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

सभा में नितिन नवीन ने हाल में हुए निकाय चुनावों में भाजपा के प्रदर्शन का जिक्र किया। उन्होंने चुनाव में जीत हासिल करने वाले कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों को बधाई दी। नवीन ने कहा कि चुनावी जीत को केवल राजनीतिक उपलब्धि के रूप में नहीं देखना चाहिए, बल्कि इसे जनता की सेवा की जिम्मेदारी के तौर पर लेना चाहिए।

जीत को सेवा का अवसर मानकर काम करें

नितिन नवीन ने कहा कि पंचायतीराज और निकायों के जनप्रतिनिधि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के विचार को जमीन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गरीब और जरूरतमंद व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा जनता से लगातार संपर्क बनाए रखने की अपील की।

उन्होंने कहा कि भाजपा में लंबे समय तक सरकार में रहने का विश्वास जनता की सेवा और उसका भरोसा जीतने से आता है। राहुल गांधी के एक बयान के संदर्भ में नवीन ने कहा कि भाजपा नेताओं का यह विश्वास काम और जनसेवा से बना है।

गरीबों तक योजनाओं का लाभ पहुंचने का किया जिक्र

नितिन नवीन ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि गरीबों के लिए आवास, महिलाओं के लिए शौचालय और रेहड़ी-पटरी वालों के लिए पीएम स्वनिधि जैसी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचा है।

उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के उस पुराने बयान का भी जिक्र किया, जिसमें केंद्र से भेजे गए एक रुपये में से गरीब तक कम राशि पहुंचने की बात कही गई थी। नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरकारी योजनाओं का पैसा सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाने पर जोर दिया है।

भजनलाल शर्मा ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान सरकार संकल्प पत्र में किए गए वादों को पूरा करने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि संकल्प पत्र के 78 प्रतिशत काम अब तक पूरे किए जा चुके हैं।

निकाय के बाद पंचायत चुनाव की तैयारी

दादिया में आयोजित कार्यक्रम का एक अहम पहलू पंचायत चुनाव की तैयारी भी रहा। निकाय चुनाव के बाद भाजपा ने अब ग्रामीण क्षेत्रों में संगठन को सक्रिय करने पर जोर दिया है। नितिन नवीन के जयपुर दौरे में पंचायत चुनाव से जुड़े संगठनात्मक कार्यक्रम भी शामिल रहे।

भाजपा ने दादिया कार्यक्रम से पंचायत चुनाव अभियान को आगे बढ़ाने की तैयारी की है। इसके तहत प्रचार रथों को भी रवाना किया गया, जो ग्रामीण इलाकों में सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी पहुंचाने के लिए इस्तेमाल किए जाएंगे।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कार्यकर्ताओं को निकाय चुनाव में जीत के लिए बधाई देते हुए अब पंचायत चुनाव की तैयारी में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने निकाय चुनाव में संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की भूमिका को भी रेखांकित किया। सभा में नितिन नवीन ने कहा कि विकास का वास्तविक अर्थ तभी है, जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इसी भावना के साथ जनसेवा में जुटने की अपील की।

पढ़ें ये खबरें