धर्मेंद्र यादव, निवाड़ी। मध्यप्रदेश के निवाड़ी रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर एक आरक्षक का शव मिलने से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मृतक आरक्षक सेंदरी थाने की तरीचर कला चौकी में चालक के पद पर पदस्थ थे। पुलिस के मुताबिक देर रात वह अपनी स्कूटी से अकेले रेलवे स्टेशन की ओर गए थे और सुबह उनका शव रेलवे ट्रैक पर मिला। प्रारंभिक जांच में ट्रेन से कटकर मौत होना सामने आया है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, 22 मई की सुबह करीब 6 बजकर 36 मिनट पर डायल-112 को सूचना मिली कि निवाड़ी सभागार के पास रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही डायल-112 स्टाफ और थाना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी भी मौके पर पहुंचे। रेलवे ट्रैक के पास एक स्कूटी खड़ी मिली, जिस पर पुलिस लिखा हुआ था। स्कूटी का नंबर MP36MA6757 बताया गया है।
ये भी पढ़ें: ट्विशा शर्मा मर्डर मिस्ट्रीः अब मामले की जांच सीबीआई करेगी, गृह विभाग ने सीबीआई को लिखा पत्र
पारिवारिक कारणों से अवकाश के लिए भेजा था आवेदन
मृतक की पहचान आरक्षक चालक कुलदीप गौतम के रूप में हुई, जो चौकी तरीचर कला में पदस्थ थे और मूल रूप से मुरैना के रहने वाले थे। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरक्षक ने एक दिन पहले पारिवारिक कारणों से अवकाश के लिए आवेदन भेजा था, जिसे स्वीकृत भी कर दिया गया था। सूत्रों के अनुसार, परिवार में जमीन को लेकर विवाद और तनाव की स्थिति बनी हुई थी। सूत्रों की माने तो मृतक शराब के आदि थे, जिस कारण उनका लिवर भी खराब था।
साथ में नहीं रहती थी पत्नी
सूत्रों की माने तो मृतक के बड़े भाई की दूसरी शादी के बाद जमीन दूसरी पत्नी के नाम किए जाने को लेकर भी विवाद चल रहा था। सूत्र यह भी बताते है कि मृतक की पत्नी उनके साथ नहीं रहती थी। पुलिस के मुताबिक, देर रात करीब एक बजे आरक्षक कुलदीप गौतम अपनी स्कूटी से अकेले निवाड़ी से रेलवे स्टेशन की ओर गए थे। रात्रि गश्त में लगे पुलिसकर्मियों ने भी उन्हें देखा था। वहीं सीसीटीवी फुटेज में भी वह अकेले स्कूटी से घटनास्थल की ओर जाते दिखाई दिए हैं।
ये भी पढ़ें: नौकरी दिलाने के नाम पर लूटी महिला की अस्मत: शारीरिक संबंध बनाकर ऐंठे पैसे, जान से मारने की धमकी भी दी
जांच के बाद होगा खुलासा ?
जांच में यह भी सामने आया है कि उन्होंने अपनी स्कूटी रेलवे ट्रैक के पास खड़ी की थी। इसके बाद रेलवे स्टेशन के अप ट्रैक पर पोल नंबर 1157/32 और 1157/34 के बीच ट्रेन से कटकर उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी निवाड़ी की मर्च्युरी में रखवाया है। मृतक की पत्नी, भाई और अन्य परिजनों को सूचना दे दी गई है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पूरे मामले की जांच की जा रही है।

