भोपाल। मध्य प्रदेश में खाद की कमी की बातों पर अब स्पष्टीकरण सामने आया है। सरकार ने बताया कि प्रदेश में खाद की कोई कमी नहीं है, पर्याप्त भंडारण है। रिटेलर के स्टॉक का मिलान करने के लिए सिर्फ 3 दिनों के लिए बंद किया गया है। 17 अगस्त से इसकी बिक्री दोबारा शुरू हो जाएगी। साथ ही 20 अगस्त से ‘हर किसान, हर घर, हर खेत खाद अभियान’ शुरू किया जाएगा।
सरकार ने बताया कि किसानों को सुगमता से उर्वरक वितरण को ध्यान में रखकर भारत सरकार के IFMS पोर्टल और प्रदेश के उर्वरक विक्रेता (रिटेलर) के स्टॉक का Reconciliation (मिलान) करने के लिये 14 अगस्त की शाम 7.00 बजे से उर्वरक विक्रय 15 और 16 अगस्त को अवकाश के दिनों में बंद किया गया है।
मिलान का काम तेजी से किया जा रहा है जो 16 अगस्त की शाम तक पूरा हो जाएगा और सोमवार 17 अगस्त से खाद का वितरण शुरू हो जाएगा। किसानों को असुविधा नहीं होगी। 17 अगस्त से जितनी खाद चाहिए उतनी मिल सकेगी। साथ ही, आगामी 20 अगस्त से हर किसान हर घर, हर खेत खाद अभियान भी शुरू हो रहा है, जिससे रबी की खाद इसी महीने से किसानों को मिलनी शुरू हो जायेगी।
सचिव कृषि निशांत वरवड़े ने बताया कि प्रदेश में रासायनिक उर्वरको का पर्याप्त भंडारण है, 1 अप्रेल से अभी तक यूरिया की कुल उपलब्धता 17.04 लाख मीट्रिक टन थी, जिसमें से 12.83 लाख मीट्रिक टन यूरिया का उठाव किसानों से किया गया हैं। वर्तमान में 4.21 लाख मीट्रिक टन की उपलब्धता है, जबकि बीते साल इसी समय यूरिया की उपलब्धता 1.60 लाख मीट्रिक टन थी।
प्रदेश में 1 अप्रैल से अभी तक डीएपी और एनपीके की कुल उपलब्धता 11.20 लाख मीट्रिक टन थी, जिसमें से 7.09 लाख मीट्रिक टन का उठाव किसानों द्वारा किया गया है। वर्तमान में 4.10 लाख मीट्रिक टन की उपलब्धता हैं, जबकि बीते साल इसी समय डीएपी + एनपीके की उपलब्धता 3.00 लाख मीट्रिक टन थी। प्रदेश में 1 अप्रैल से अभी तक एसएसपी की कुल उपलब्धता 6.78 लाख मीट्रिक टन थी, जिसमें से 3.61 लाख मीट्रिक टन का उठाव किसानों द्वारा किया गया हैं, वर्तमान में 3.17 लाख मीट्रिक टन एसएसपी की उपलब्धता हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


