हेमंत शर्मा, इंदौर। किसी भी थाने में कदम रखते ही अक्सर लोगों के मन में एक सवाल होता है—”अब किससे बात करें?”… “कौन अधिकारी ड्यूटी पर है?”… “बीट अधिकारी कौन है?”… और कई बार यही झिझक शिकायत दर्ज कराने या मदद मांगने में सबसे बड़ी बाधा बन जाती है। इसी झिझक को खत्म करने के लिए इंदौर पुलिस एक ऐसी पहल लेकर आई है, जो सच मायनों में जनता और पुलिस के बीच ‘सेतु’ बनने जा रही है।

इंदौर पुलिस के एसीपी पराग सैनी की परिकल्पना पर तैयार किए जा रहे ‘सेतु एप’ के जरिए अब थानों में लगी डिजिटल स्क्रीन और ऐप पर पूरी जानकारी उपलब्ध होगी। स्क्रीन पर थाना प्रभारी का नाम और मोबाइल नंबर, ड्यूटी पर मौजूद अधिकारियों की जानकारी, बीट अधिकारियों के नाम और संपर्क नंबर, पासपोर्ट वेरिफिकेशन के जिम्मेदार अधिकारी सहित कई महत्वपूर्ण जानकारियां दिखाई देंगी।

READ MORE:तहसीलदार को गोली मारने की धमकीः आरोपियों के घर के चला बुलडोजर, बाप-बेटे समेत तीनों आरोपी गिरफ्तार

इतना ही नहीं, यदि कोई व्यक्ति अपने मोबाइल पर सेतु एप खोलकर किसी भी थाने की लोकेशन सर्च करेगा, तो उसे उस थाने का पता ही नहीं, बल्कि वहां उस समय ड्यूटी पर मौजूद अधिकारियों और बीट अधिकारियों की पूरी जानकारी भी मिल जाएगी।

एसीपी पराग सैनी का कहना है कि इस एप का सबसे बड़ा उद्देश्य पुलिस और आम नागरिक के बीच की दूरी को कम करना है। कई लोग थाने पहुंचने के बाद यह समझ नहीं पाते कि किस अधिकारी से संपर्क करें। ऐसे लोगों के लिए यह एप और डिजिटल स्क्रीन एक भरोसेमंद मार्गदर्शक का काम करेंगे।

फिलहाल इस परियोजना की टेस्टिंग इंदौर के विजयनगर थाने और एसीपी कार्यालय में की जा रही है। इसके बाद इसे शहर के सभी 36 थानों, एसीपी कार्यालय, अतिरिक्त डीसीपी कार्यालय, डीसीपी कार्यालय और पुलिस कमिश्नर कार्यालय तक विस्तारित किया जाएगा। संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने सर्कल की जानकारी देखने की सुविधा भी मिलेगी।

READ MORE: अब MPCA में AI की एंट्री: खिलाड़ियों के चयन से लेकर एडमिनिस्ट्रेटर तक बदलेगा सिस्टम, महाआर्यमन सिंधिया ने बताया फ्यूचर प्लान 

सबसे खास बात यह है कि ‘सेतु एप’ का डोमेन मध्य प्रदेश पुलिस के लिए पहले ही खरीदा जा चुका है। यदि परीक्षण सफल रहा, तो यह पहल पूरे मध्य प्रदेश में लागू की जा सकती है।

हर दिन हजारों लोग दूसरे शहरों और राज्यों से इंदौर आते हैं। किसी हादसे, अपराध या आपात स्थिति में उन्हें पुलिस तक पहुंचने के लिए अब इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। ‘सेतु’ सिर्फ एक एप नहीं, बल्कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास, पारदर्शिता और आसान संवाद की नई शुरुआत बनने की ओर बढ़ रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m