आकाश तिवारी, विदिशा (कुरवाई)। जनपद पंचायत कुरवाई की ग्राम पंचायत में मौत के बाद भी तकलीफें कम नहीं होती हैं। कैथौरा के ग्राम नाही में मुक्तिधाम तक पहुंचने के लिए सड़क नहीं होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गांव में किसी व्यक्ति की मृत्यु होने पर अंतिम यात्रा खेतों की मेड़ों, कीचड़ और खड़ी फसलों के बीच से निकालने की मजबूरी बनी हुई है।

बारिश के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। खेतों में पानी और कीचड़ के कारण अर्थी लेकर चलना बेहद कठिन हो जाता है। श्मशान घाट तक पक्का या ग्रेवल मार्ग नहीं होने के कारण ग्रामीणों को मजबूरी में खेतों के बीच से अंतिम यात्रा निकालनी पड़ती है। इससे खड़ी फसलों के रौंदे जाने से किसानों को भी भारी नुकसान उठाना पड़ता है।

स्थानीय विधायक श्री हरि सिंह सप्रे भी कई बार पहुंच चुके हैं

ग्रामीणों के अनुसार, स्थानीय विधायक श्री हरि सिंह सप्रे भी कई बार ग्राम नाही में अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए आ चुके हैं। ग्रामीणों का कहना है कि विधायक के सामने भी मुक्तिधाम तक रास्ते की समस्या रखी गई थी और उन्होंने आने वाले समय में यहां रास्ता एवं आवश्यक निर्माण कार्य कराने का आश्वासन दिया था। इसके बावजूद आज भी समस्या जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों का सवाल है कि जब स्थानीय विधायक स्वयं इस समस्या को देख चुके हैं और रास्ता निर्माण का आश्वासन भी दे चुके हैं, तो फिर धरातल पर काम कब शुरू होगा?

भाजपा-कांग्रेस के बड़े नेताओं की मौजूदगी के बावजूद समस्या कायम

ग्राम नाही में भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों से जुड़े बड़े-बड़े राजनीतिक एवं प्रभावशाली लोग रहते हैं। इसके बावजूद मुक्तिधाम तक पहुंचने के लिए आज तक उचित मार्ग नहीं बन पाना ग्रामीणों के लिए चिंता का विषय है। ग्रामीणों का कहना है कि अंतिम संस्कार जैसी संवेदनशील स्थिति में किसी परिवार को अपने परिजन की अर्थी खेतों, कीचड़ और खड़ी फसलों के बीच से ले जाने के लिए मजबूर होना बेहद पीड़ादायक है। वहीं, हर अंतिम यात्रा के दौरान फसल प्रभावित होने से किसानों को भी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।

ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि ग्राम नाही के मुक्तिधाम तक जल्द से जल्द स्थायी पक्का अथवा ग्रेवल मार्ग बनाया जाए तथा आवश्यक निर्माण कार्य कराया जाए, ताकि बारिश के दिनों में भी अंतिम यात्रा सम्मानजनक एवं सुरक्षित तरीके से मुक्तिधाम तक पहुंच सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m