झज्जर: रोहतक लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के दूसरे राज्यों के दौरों को लेकर उन पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। झज्जर में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा कमेटी) की बैठक के बाद हुड्डा ने कहा कि मुख्यमंत्री को हरियाणा के लिए समय नहीं मिल रहा, जबकि वह लगातार दूसरे राज्यों में चुनावी गतिविधियों में नजर आ रहे हैं।

हुड्डा ने कहा कि पहले मुख्यमंत्री बिहार के दौरे कर रहे थे और अब पंजाब में भाजपा के लिए प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि पंजाब का चुनाव खत्म होते ही मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश में भाजपा के प्रचार अभियान में दिखाई देंगे। इसी बात पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हरियाणा की समस्याओं पर ध्यान देने के बजाय दूसरे राज्यों की राजनीति में ज्यादा व्यस्त हैं।

कानून व्यवस्था के मुद्दे पर भी दीपेंद्र हुड्डा ने मुख्यमंत्री को घेरा। उन्होंने कहा कि पंजाब जाकर मुख्यमंत्री वहां कानून व्यवस्था को लेकर बड़े दावे करते हैं और भाजपा की सरकार बनने पर बदमाशों तथा गैंगस्टरों के सफाए की बात कहते हैं। हुड्डा ने सवाल उठाया कि हरियाणा में कानून व्यवस्था की स्थिति क्या है, यह किसी से छिपी नहीं है।

उन्होंने चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री द्वारा अधिकारियों पर नियंत्रण को लेकर दिए गए बयान का भी जिक्र किया। हुड्डा ने कहा कि मुख्यमंत्री खुद कहते हैं कि उनके कहने से चपरासी तक का तबादला नहीं हो रहा। ऐसे में सरकार के प्रशासनिक नियंत्रण और कानून व्यवस्था को लेकर किए जा रहे दावों पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

इससे पहले झज्जर के लघु सचिवालय में हुई दिशा कमेटी की बैठक में दीपेंद्र हुड्डा ने जिले के विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में बेरी विधायक डॉ. रघुवीर कादयान, झज्जर विधायक गीता भुक्कल, बादली विधायक कुलदीप वत्स और बहादुरगढ़ के निर्दलीय विधायक राजेश जून मौजूद रहे। सांसद ने अधिकारियों से जिले में चल रही और प्रस्तावित परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।

बैठक के दौरान अधिकारियों की कार्यप्रणाली को लेकर भी हुड्डा ने नाराजगी जाहिर की। उनका आरोप था कि कांग्रेस सरकार के समय स्वीकृत कई विकास परियोजनाएं अभी तक जमीन पर शुरू नहीं हो सकी हैं। सड़क, स्कूल, अस्पताल और खेल स्टेडियम से जुड़े मुद्दों पर उन्होंने अधिकारियों से जवाब मांगा। बैठक में गैरहाजिर रहे अधिकारियों को लेकर भी उन्होंने सख्त रुख अपनाते हुए जिम्मेदारी से बचने वालों पर कार्रवाई की बात कही।

विकास कार्यों की धीमी रफ्तार पर निशाना साधते हुए हुड्डा ने सरकारी रिकॉर्ड और जमीनी हकीकत के बीच अंतर का भी जिक्र किया। उन्होंने शायराना अंदाज में कहा, “सरकारी कागजों में धरातल का मिजाज गुलाबी है और यह दावा किताबी है, हकीकत जो है आपके सामने है।” उनका कहना था कि फाइलों में विकास की तस्वीर भले ही बेहतर दिखाई जाती हो, लेकिन मौके पर स्थिति अलग नजर आती है।

किसानों के मुद्दे पर भी कांग्रेस सांसद ने मुख्यमंत्री को घेरा। उन्होंने पंजाब में किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) देने के दावों का हवाला देते हुए कहा कि हरियाणा में धान की खरीद को लेकर किसानों की स्थिति अभी संतोषजनक नहीं है। हुड्डा ने आरोप लगाया कि किसानों से तीन साल पहले किए गए वादे पूरे नहीं हुए हैं और धान की खरीद 3100 रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर करने का भरोसा भी अभी धरातल पर दिखाई नहीं दे रहा। उन्होंने मुख्यमंत्री से दूसरे राज्यों की राजनीति के साथ-साथ हरियाणा के किसानों और प्रदेश के विकास कार्यों पर भी ध्यान देने की मांग की।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m