कुमार इंदर, जबलपुर। चरगंवा थाना अंतर्गत भड़पुरा स्थित घटा क्षेत्र में नर्मदा नदी के उफान में बहे पिता-पुत्र का 24 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं लग सका है। नर्मदा नदी के प्रचंड बहाव के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस को आशंका है कि दोनों बहकर काफी आगे निकल गए हैं, जिसके चलते चरगंवा थाना पुलिस ने नरसिंहपुर और नर्मदापुरम जिलों के पुलिस प्रशासन को भी सूचना भेजकर अलर्ट कर दिया है।

बच्चे को बचाने पिता ने लगाई थी छलांग

मिली जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र के जलगांव से 15 लोगों का एक परिवार जबलपुर आया हुआ था और चरगंवा स्थित सुनील महाराज के आश्रम में ठहरा था। बीते दिन परिवार के सदस्य नर्मदा दर्शन के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान तट पर 10 साल के मासूम बच्चे का अचानक पैर फिसल गया और वह उफनती नर्मदा नदी में समा गया।

बेटे को आंखों के सामने डूबता देख पिता ने बिना पल गंवाए उसे बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी। हालांकि, नदी में पानी का स्तर अधिक होने और बहाव बेहद तेज होने के कारण पिता भी अपने मासूम बेटे के साथ गहरे पानी में बह गए।

रेस्क्यू में नर्मदा का उफान बना बाधा

सूचना मिलते ही चरगंवा पुलिस, एसडीआरएफ (SDRF) की टीम और स्थानीय गोताखोरों का दल मौके पर पहुंचा। पिता-पुत्र की तलाश में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया है। एसडीआरएफ और गोताखोर लगातार बोट की मदद से तलाश कर रहे हैं, लेकिन नर्मदा नदी के उफान पर होने से ऑपरेशन में कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है।

तलाश का दायरा

जबलपुर पुलिस ने निचले तटीय इलाकों के साथ-साथ पड़ोसी जिलों नरसिंहपुर और नर्मदापुरम तक अलर्ट भेजा है ताकि पिता-पुत्र का कोई सुराग मिलने पर तुरंत सूचना दी जा सके। घटना के बाद से ही जलगांव से आए परिवार में कोहराम मचा हुआ है और आश्रम के आसपास शोक का माहौल है। पुलिस और रेस्क्यू टीमें लगातार नदी के तटीय इलाकों में गश्त कर रही हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m